रांची : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को झारखंड की राजधानी रांची सहित कई जिलों के 14 ठिकानों पर छापामारी की, जिसमें निलंबित आइएएस पूजा सिंघल के करीबी माने जानेवाले इजहार अंसारी एवं अशोक कुमार के ठिकाने शामिल हैं. मिली सूचना के अनुसार ईडी की टीम ने इजहार अंसारी के हजारीबाग आवास पर छापामारी के दौरान नगद 3 करोड़ रुपये बरामद किये हैं. (नीचे भी पढ़ें)

प्रवर्तन निदेशालय की टीमों ने शुक्रवार सुबह रांची, रामगढ़, हजारीबाग सहित राज्य के कई जिलों के 14 ठिकानों पर एक साथ छापामारी शुरू की. इसमें निलंबित आइएएस पूजा सिंघल के करीबी इजहार अंसारी के हजारीबाग स्थित आवास पर हुई छापामारी में 3 करोड़ रुपये बरामद हुए हैं. बताया जाता है कि ईडी निलंबिथ आइएएस पूजा सिंघल के ठिकानों पर छापामारी पूरी होने के बाद उनके विरुद्ध दस्तावेजी सबूत जुटाने में लगी थी. इसका काम पूरा होने के बाद ईडी ने अब आइएएस पूजा सिंघल के करीबी माने जाने वाले लोगों के विरुद्ध शिकंजा कसना शुरू किया है. इसी के तहत कोयला कारोबारी इजहार अंसारी के आवास एवं दफ्तर सहित कई ठिकानों पर छापा मारा गया. बताया गया कि यह मामला कोल लिंकेज से जुड़ा हुआ है.(नीचे भी पढ़ें)
इसके अलावा ईडी की टीम ने खनिज निगम के पूर्व प्रोजेक्ट मैनेजर अशोक कुमार के ठिकानों पर भी छापामारी की है. अशोक कुमार पर गढ़वा जिले में खनिज निगम का प्रोजेक्ट अधिकारी रहते हुए चिनिया प्रखंड में अपनी पत्नी विद्या शर्मा के नाम पर 8.47 एकड़ में खान आवंटित करा लेने का भी आरोप है.(नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि अशोक कुमार वर्ष 2008 में अनुबंध के आधार पर जेएसएमडीसी में नियुक्त हुआ था, जिसके बाद वह गढ़वा जिले में परियोजना पदाधिकारी के पद पर भी कार्यरत रहा. वर्ष 2017 में उसका अनुबंध समाप्त हो गया था. बताया गया कि अशोक कुमार निलंबित आइएएस पूजा सिंघल एवं पूर्व एमडी एवं खान सचिव के श्रीनिवासन का भी काफी करीबी रहा. यही नहीं जेएसएमडीसी का प्रबंध निदेशक रहते उसने पूजा सिंघल के निर्देश के बावजूद अपने पसंदीदा ठेकेदारों को बालू खनन का ठेका दे दिया था.



