जमशेदपुर: सोनारी स्थित सीएच एरिया के भूतनाथ मंदिर परिसर में स्थापित नारायणी धाम मंदिर के प्रथम वार्षिकोत्सव के अवसर पर नारायणी सेवा ट्रस्ट की ओर से तीन दिवसीय भव्य धार्मिक महोत्सव के प्रथम दिन रविवार को सुंदरकांड पाठ एवं संगीतमय हनुमान चालीसा का आयोजन धूमधाम से किया गया. यह कार्यक्रम परम श्रद्धेय संतोष भाईजी (नरसिंहबाण दरबार), बर्नपुर के सानिध्य में रविवार की शाम 4 बजे से शुभारंभ हुआ, जो देर रात तक चला. सुंदरकांड पाठ का वाचन रांची के सुरेश बजाज एण्ड टीम द्वारा किया गया. जिसमें श्रद्धालुओं ने सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा का पाठ किया. यजमान पल्लवी-राहुल चौधरी ने विधिवत पूजा अर्चना की. (नीचे भी पढ़े)

कार्यक्रम के दौरान सुरेश बजाज एण्ड टीम द्वारा अपनी सुमधुर आवाज में लोकप्रिय भजन प्रस्तुत कर उपस्थित श्रोताओं को पूरी तरह भावविभोर कर दिया. सुंदरकांड पाठ और भजनों के उपरांत विधि-विधान के साथ हनुमान जी की आरती की गई. कलाकारों ने इस दौरान पूरा मंदिर परिसर का वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया था. भगवान को भोग अर्पित करने के बाद उपस्थित श्रद्धालुओं में महाप्रसाद का वितरण किया गया. मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान सागर में नईया डार दई भजन की प्रस्तुति होते ही श्रद्धालु झूमने लगे. इस दौरान बर्नपुर वाले संतोष भाईजी ने कहा कि श्री हनुमान जी महाराज के चरित्रों का गुणगान करने से मनुष्य के जीवन की समस्त कामनाएं पूर्ण होती हैं. (नीचे भी पढ़े)

श्री हनुमान जी बल, बुद्धि और विद्या के सागर हैं तथा थोड़ी-सी भक्ति और श्रद्धा से ही प्रसन्न होकर अपने भक्तों पर अपनी असीम कृपा बरसाते हैं. उन्होंने आगे कहा कि श्री हनुमान जी का जीवन त्याग, समर्पण, विनम्रता और प्रभु भक्ति का अनुपम उदाहरण है. उनके चरित्र का स्मरण एवं अनुसरण करने से मनुष्य को जीवन में शक्ति, साहस और सद्बुद्धि प्राप्त होती है. आज के कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य रूप से ट्रस्ट के अध्यक्ष राजकुमार चंदूका, महासचिव राजकुमार संघी, ट्रस्टी सदस्य कैलाश सरायवाला, अनिल नरेड़ी, ललित सरायवाला, राम रतन कांवटिया, अमित अग्रवाल, संदीप मित्तल, चेतन अग्रवाल, अक्षय खेमका, पवन पोद्दार आदि का योगदान रहा.(नीचे भी पढ़े)

सोमवार और मंगलवार का कार्यक्रमः दूसरे दिन 23 नवंबर, सोमवार को सुबह 8 बजे राजस्थान के सूरजगढ़ निवासी हजारीमल इंदौरिया के सानिध्य में सोनारी राम मंदिर से नारायणी धाम तक भव्य निशान यात्रा निकाली जाएगी. वहीं, रात्रि 8 बजे सोनभद्र (गुप्तकाशी) से पधार रहे सुप्रसिद्ध भजन गायक संजीव शर्मा अपनी भजनों की प्रस्तुति से भक्तों को भावविभोर करेंगे. तीसरे दिन 24 नवंबर, मंगलवार को दोपहर 3 बजे कोलकाता की सुप्रसिद्ध पाठ वाचिका मीतू अग्रवाल द्वारा श्री राणी सती दादीजी का मंगल पाठ किया जाएगा. इसी दिन देव दीपावली के पावन अवसर पर मंदिर परिसर में भव्य दीप प्रज्वलन का आयोजन भी होगा. महोत्सव के तीनों दिन अखंड ज्योत प्रज्वलन एवं सवामणी सेवा विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे.












