जमशेदपुर : मानगो नगर निगम प्रशासन ने नगर निगम के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण अभियान चलाया, जिसमें सड़क के किनारे रखी गई गाड़ियों के मालिकों से 50000 रुपये जुर्माना के रूप में वसूल किये गये. इस दौरान अधिकारियों ने मुख्य सड़क से गाड़ियों को अंदर करवाया, साथ ही बिल्डिंग मटीरियल आदि को सड़क से हटवाकर अंदर कराया गया. (नीचे भी पढ़ें)

मानगो नगर निगम क्षेत्र में सड़कों पर लोगों का गाड़ियां खड़ी करना आम बात है, जिससे सड़क जाम की स्थिति बनती है. क्षेत्र के कई दुकानदार भी सड़क पर अपनी दुकान के सामान रख कर अतिक्रम करते हैं. मानगो नगर निगम प्रशासन ने आज एक बार फिर ऐसे लोगों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया. इस दौरान सड़क पर गाड़ियां खड़ी करनेवाले लोगों से जुर्माने के रूप में 50 हजार रुपये वसूल किये गये. अधिकारियों ने अभियान के दौरान कई दुकानदारों को भी अपने सामान दुकान के बाहर सड़क पर नहीं रखने की हिदायत दी. मानगो नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने का निर्देश दिया है, जिसके आलोक में यह अभियान चलाया गया. इसके तहत अतिक्रमण कर रखे गए गैरेज, शोरूम, प्रतिष्ठान, दुकानदारों से जुर्माना वसूलने का निर्देश दिया गया है. आज चले अभियान में नगर प्रबंधक निशांत कुमार, दिनेश्वर यादव, राहुल कुमार व अन्य कर्मी भी शामिल रहे.



