रांची : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन नर्सिंग एवं आईटीआई कौशल कॉलेज और कल्याण गुरुकुल के 500 छात्र-छात्राओं को नियुक्ति पत्र का वितरण बुधवार 28 जून को करेंगे. उक्त कार्यक्रम कल्याण विभाग, झारखण्ड सरकार की विशेष प्रयोजन वाहिनी (एसपीवी) के रूप में कार्य कर रही प्रेझा फाउंडेशन द्वारा आईटीआई कौशल कॉलेज नगरा टोली में आयोजित है. इस मौके पर मुख्यमंत्री आईटीआई कौशल कॉलेज के अंतर्गत कुलीनरी विभाग की छात्राओं के द्वारा संचालित सेवा कैफ़े का भी उद्घाटन करेंगे. सरकार की विशेष प्रयोजन वाहिनी के रूप में कार्य कर रही प्रेझा फाउंडेशन द्वारा सेवा कैफ़े के अनुभव से छात्राओं को सफल उद्यमी बनाने का लक्ष्य तय किया गया है.(नीचे भी पढ़े)
सेवा कैफ़े के माध्यम से बेटियों में उद्यमिता संबंधी व्यवहारिक ज्ञान की जानकारी कॉलेज में पढ़ाई के दौरान कराई जायेगी. मालूम हो कि कल्याण विभाग की एसपीवी प्रेझा फाउंडेशन राज्य के 24 जिलों में 28 कल्याण गुरुकुल, 8 नर्सिंग कौशल कालेज और एक आईटीआई कौशल कॉलेज का संचालन कर रही है. इस परियोजना के माध्यम से अभी तक 30,000 से अधिक युवक युवतियों को देश की नामी गिरामी कंपनियों में रोजगार की प्राप्ति हुई है.












