रामगढ़ : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन का शनिवार को संस्कार भोज आयोजित हुआ. रामगढ़ स्थित दिशोम गुरु शिबू सोरेन के पैतृक गांव नेमरा में आयोजित इस संस्कार भोज में हजारों लोगों की भीड़ जुटी. हर आम और खास लोगों ने इसमें शिरकत की. इस दौरान केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन के “संस्कार भोज” में सम्मिलित होने हेतु मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेमरा स्थित आवास पहुंचे. उनके साथ केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ समेत अन्य लोग मौजूद थे. केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुजी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी तथा मुख्यमंत्री एवं उनके पारिवारिक सदस्यों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी से मेरी कई मुलाकातें हुईं. (नीचे भी पढ़ें)

उनकी सहजता, सरलता एवं व्यक्तित्व मुझे प्रभावित करती थी. गुरुजी सिर्फ आदिवासी ही नहीं बल्कि अन्य समाज के भी अभिभावक के रूप में जाने जाते थे. मैं अपनी ओर से उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे, सांसद पप्पू यादव, पूर्व राज्यसभा सांसद आरके आनंद एवं योग गुरु बाबा रामदेव भी नेमरा पहुंचे. सभी ने गुरुजी की तस्वीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं प्रकट की. (नीचे भी पढ़ें)

इससे पहले झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संस्कार भोज में सम्मिलित होने हेतु मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेमरा स्थित आवास पहुंचे. राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी. राज्यपाल ने मुख्यमंत्री एवं उनके पारिवारिक सदस्यों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की.इसी तरह तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी नेमरा स्थित मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के पैतृक आवास पहुंचे. (नीचे भी पढ़ें)
रेवंत रेड्डी यहां दिशोम गुरु शिबू सोरेन के “संस्कार भोज” में सम्मिलित हुए. उन्होंने गुरुजी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा मुख्यमंत्री एवं उनके पारिवारिक सदस्यों से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त की. इसके अलावा पूरे राज्य से करीब एक लाख लोग वहां पहुंचे है. हर बड़े और छोटे नेता से लेकर विधायक, मंत्री समेत तमाम दिग्गज यहां पहुंचे है. इन लोगों ने वहां गुरुजी को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनको श्रद्धा सुमन अर्पित किया.











