गिरिडीह: गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत इसरी बाजार में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक बाजार में घुसी और कई वाहनों को रौंद दिया. इसके बाद कई लोग ट्रक की चपेट में आकर घायल हो गए.घटना के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गयी. इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. कई घायलों की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है. घटना के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.घटना के संबंध में बताया जाता है कि ट्रक ने सबसे पहले कार को टक्कर मारी. टक्कर के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और मौके पर हंगामा शुरू हो गया.(नीचे भी पढ़े)
इसी बीच ट्रक चालक वाहन लेकर भागने लगा. भागने के दौरान उसने सड़क पर खड़े और गुजर रहे कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया. ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई बाइक, कार और अन्य वाहन क्षतिग्रस्त हो गए. सड़क किनारे मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. घटना की सूचना मिलते ही डुमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया. कुछ घायलों को बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया है. घटना के संबंध में एसडीपीओ सुमित कुमार ने बताया कि ट्रक ने पहले एक कार को टक्कर मारी थी. इसके बाद लोगों के विरोध और हंगामे के बीच चालक ट्रक लेकर भागने लगा, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ. उन्होंने कहा कि पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है और ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है. मामले की जांच जारी है।. हादसे के बाद इसरी बाजार क्षेत्र में काफी देर तक तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.







