
रांची : अपनी जान जोखिम में डालकर कोरोना नियंत्रण से संबंधित विभिन्न कार्य कर रहीं राज्य की लगभग 40 हजार सहिया को झारखंड सरकार इस बार भी विशेष प्रोत्साहन राशि देगी. कोरोना नियंत्रण कार्य में लगीं सहिया को अन्य कार्यक्रमों में मिलनेवाली प्रोत्साहन राशि के अलावा एक हजार रुपये अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि मिलेगी. केंद्र की स्वीकृति के बाद इस संबंध में सभी उपायुक्तों व सिविल सर्जनों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोरोना नियंत्रण के विभिन्न कार्यों में लगाई गईं सहिया को अप्रैल से सितंबर माह तक एक हजार रुपये इंशेंटिव देने को कहा है. इसी तरह, आशा फैसिलेटर को भी 500 रुपये अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि मिलेगी. वहीं, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों में तैनात कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसरों (सीएचओ) तथा एएनएम को भी परफॉर्मेंस बेस्ड इंशेंटिव देने को कहा है. बता दें कि कोरोना नियंत्रण में सहिया के अलावा एएनएम सीएचओ महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. कांटेक्ट ट्रेसिंग हो या फिर संभावित मरीजों की जांच या फिर होम आइसोलेशन में रहनेवाले मरीजों के पास मेडिकल किट पहुंचाना, ये सभी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. एएनएम को टीकाकरण कार्य में भी लगाया गया है. पहली लहर में भी कोरोना नियंत्रण् कार्य में लगीं सहिया, फैसिलेटर आदि को अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी गई थी. राज्य सरकार ने कोरोना नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे सभी स्वास्थ्य कर्मियों को एक माह का अतिरिक्त वेतन देने का निर्णय लिया है. इसके लिए राशि भी स्वीकृत हो गई है. इसका लाभ अनुबंध पर कार्य कररहे कर्मियों को भी मिलेगा. इधर, केंद्र के निर्देश पर राज्य सरकार ने कोरोना नियंत्रण की अगली पंक्ति में कार्य कर रहे सभी कोटि के स्वास्थ्यकर्मियों का 50 लाख रुपये जीवन बीमा की योजना को छह माह के लिए विस्तारित कर दिया है.












