
रांची : शादी, तिलक या छेका जैसे कार्यक्रम करनी हो तो इसके लिए प्रशासन के पास घोषणा पत्र देना होगा. स्वघोषणा पत्र के जरिए यह बताना होगा कि वह अपने कार्यक्रम में कोविड-19 संक्रमण से बचाव के लिए सरकार द्वारा जारी सभी निर्देशों का अनुपालन करेंगे. इसके साथ ही सरकार के दिशा निर्देश के अनुसार 50 से ज्यादा लोगों को शामिल नहीं होने देंगे. इससे संबंधित एक फार्म सरकार के आदेश पर कई जिला प्रशासन की ओर से जारी कर दिया गया है. सभी थानों और प्रखंड विकास पदाधिकारी के पास संबंधित फॉर्म उपलब्ध करा दिया गया है. इस फार्म को भरकर थाना और प्रखंड विकास प्राधिकारी के पास जमा करना होगा. ऐसा नहीं करने वालों के खिलाफ प्रशासन कार्रवाई करेगी. प्रशासन द्वारा जारी इस फॉर्म के जरिए शपथ करना होगा जिसमें अपने नाम पता के साथ कार्यक्रम का पूरा विवरण देना होगा. इसके साथ ही घोषणा करते हुए बताना है कि कोरोना वायरस संक्रमण के फैलाव के मद्देनजर सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देश पूर्ण रूप से अनुपालन किया जाएगा. फेस मास्क, सैनिटाइजर, फिजिकल डिस्टेंसिंग सहित सभी गाइडलाइन का अनुपालन किया जाएगा. 50 से अधिक लोगों को शामिल नहीं होने दिया जाएगा. कार्यक्रम में साफ सफाई का विशेष ध्यान रखा जाएगा. खाद्य पदार्थ यहां वहां नहीं फेंका जाएगा. इस तरह की सारी जानकारी प्रशासन को देना होगा.













