
जमशेदपुर : झारखंड के परिवहन मंत्री चंपई सोरेन ने बड़ा फैसला लिया है. इस फैसले के तहत लॉकडाउन के दौरान गाड़ी मालिकों को रोड टैक्स समेत कई सारे टैक्स नहीं देने होंगे. राज्य के मंत्री चंपई सोरेन ने लॉकडाउन को लेकर परिवहन विभाग से जुड़े अधिकारियों को लिखित तौर पर आदेश दिया है कि चूंकि, लॉकडाउन के दौरान कारोबार पूरी तरह बंद था और लोगों को बड़ी गाड़ियां चलाने की इजाजत भी नहीं दी गयी थी. इस कारण बिना गाड़ी चलाये हुए ट्रांस्पोर्टरों को टैक्स देने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा. वैसे भी अधिकांश गाड़ियां फाइनांस के आधार पर चलती है, जिस कारण अलग से टैक्स देना परिवहन संचालकों को काफी मुश्किल हो रहा है, जिसको देखते हुए मंत्री चंपई सोरेन ने यह आदेश दिया है. इस आदेश को देखते हुए दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अधिसूचना जारी की जायेगी, जिसके बाद लॉकडाउन के दौरान के सारे टैक्स को माफ कर दिया जायेगा. इसके लिए आदेश जारी कर दिया जाना है. इसको देखते हुए राज्य के मंत्री चंपई सोरेन से परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों ने इसको लेकर कई बार मांग की थी. ट्रक-ट्रेलर एसोसिएशन से लेकर टिपर ट्रेलर एसोसिएशन समेत तमाम संगठनों के अलावा बस संचालकों ने भी यह मांग की थी कि हर हाल में रोड टैक्स को माफ किया जाये क्योंकि रोड पर उन लोगों ने गाड़ियां ही नहीं दी है तो फिर किस बात का टैक्स वसूला जायेगा. इसके बाद मंत्री ने आश्वासन दिया कि वे लोग इस मसले को जरूर देखेंगे, जिसके बाद सोमवार को उन्होंने राज्य के विभागीय अधिकारियों को मंत्री ने लिखित आदेश दे दिया. इसकी पुष्टि खुद मंत्री चंपई सोरेन ने की है.







