रांची : स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने ‘हिंदू टाइगर फोर्स’ को आतंकवादी संगठन बताते हुए उसे बैन करने की बात कही है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उक्त संगठन पर बैन लगाएगी और उससे संबंधित लोगों की पहचान कर उनको गिरफ्तार किया जाएगा. बताते चलें कि रामगढ़ में एक मुस्लिम युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु के संबंध में हिंदू टाइगर फोर्स पर आरोप लग रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
श्री अंसारी ने पत्रकारों से बात करते हुए हिन्दूवादी संगठन पर आरोप लगाते हुए कहा – ‘ये लोग हिन्दू टाइगर फोर्स के नाम पर हमारी भोलीभाली जनता को मार रहा है. यहां पर यह गुंडागर्दी नहीं चलेगी. मैं मुख्यमंत्री से मांग करता हूं कि जिसने भी इस संगठन की स्थापना की है, जो लोग भी इसमें शामिल हैं, जो इसके मास्टरमाइंड हैं, उन सब पर कठोर कार्रवाई हो.’ श्री अंसारी ने कहा – आप दुकान से बच्चे को उठा लेते हो, उसके साथ मारपीट करते हो और अधमरा कर के पुलिस को सौंपते हो. आपको किसने इसकी इजाजत दी?’ उन्होंने कहा कि यह झारखंड है, हमारा आदिवासी राज्य है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि कोई अपने मुताबिक कानून चलाएगा. यह तो आतंकवादी संगठन है, इस पर बैन तो लगेगा ही लगेगा. हम लोग कठोर कार्रवाई करने जा रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
वास्तव में रामगढ़ में आफताब अंसारी नामक एक युवक पर एक आदिवासी लड़की से रेप का आरोप लगा था. आफताब कपड़े की एक दुकान पर काम करता था. उस पर उसी दुकान में काम दिलाने के बहाने लड़की को बुला कर उसके साथ बलात्कार करने का आरोप लड़की द्वारा लगाया गया था, जिसके बाद हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने आफताब के साथ मारपीट की और उसे पुलिस के हवाले कर दिया. विगत 24 जुलाई को पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए थाना में रका था, किन्तु वह वहां से भाग निकला. इसके बाद वहां से करीब 35 किलोमीटर दूर दामोदर नदी के किनारे से उसका शव बरामद हुआ. पुलिस ने इस संबंध में हिंदू जागरण मंच के नेता राजेश सिन्हा को गिरफ्तार किया, जबकि इस संबंध में राजेश के साथ ही दीपक सिसोदिया, मनीष कुमार पासवान एवं गंगा बेदिया के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.



