रांची : झारखंड की राजधानी रांची के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवल संघ (आरएसएस) कार्यालय पर मंगलवार देर रात पेट्रोल बम से हमला करने का मामला सामने आया है. हालांकि इस हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गये है. प्राप्त जानकारी अनुसार दो युवक मंगलवार देर रात कार्यालय के पास पहुंचे और पेट्रोल बम फेंककर मौके से फरार हो गए, लेकिन दोनों बोतलें बाउंड्री के बाहर ही गिर गयी. इस वजग से बड़ा हादसा टल गया. कार्यालय को किसी प्रकरा का नुकसान नहीं हुआ. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है. फुटेज में दो संदिग्ध युवकों की गतिविधि दिखाई दे रही है. इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मौके पर रांची के एसएसपी, सिटी एसपी समेत अन्य अधिकारी पहुंचे है. मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) सहित कई टीमों को जांच में लगाया गया है. सिटी एसपी ने बताया कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी. वहीं मौके पर झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, राज्यसभा सांसद दीपक प्रसाद, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय मंत्री संजय सेठ मौके पर पहुंचे है. (नीचे भी पढ़ें)
बीच शहर में दुस्साहस करना एक बड़ी साजिश की ओर इशारा कर रहा : संजय सेठ
सांसद संजय सेठ ने कहा कि रात 12 बजे दो युवक आकर पेट्रोल बम से हमला करते हैं. एक दूसरी मंजिल पर, एक नीचे. उन्होंने कहा कि ये साधारण घटना नहीं है, ये हमारी मां पर हमला है. जिस नीयत से ये हमला किया गया है पुलिस प्रशासन को उस नीयत का पता लगाना चाहिए. उन्होंने कहा सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि एक टैक्सी है और सपोर्ट में एक मोटरसाइकिल है. उन्होंने कहा कि युवक एक बार नहीं दो बार आए हैं. एक बार आए हैं, अपना चेहरा छुपाया, बम मारा. फिर चले गए. फिर वापस आए और दूसरा बम चलाया. इनकी योजना लंबी थी. बीच शहर में दुस्साहस करना एक बड़ी साजिश की ओर इशारा कर रहा है. उन्होंने कहा कि जल्द ही गिरफ्तारी हो.
ये कोई छोटी-मोटी घटना नहीं : बाबूलाल मरांडी
घटना के बारे में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि संघ कार्यालय में इस प्रकार का हमला होता है तो ये कोई छोटी-मोटी घटना नहीं है. ये बड़ी घटना है. उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों और डीसी से बात हुई है. पुलिस प्रशासन इस मामले को गंभीरता से ले और जितनी जल्दी हो सके दोनों अपराधी को पकड़े. बाबूलाल मरांडी ने कहा कि क्षेत्र में पुलिस पिकेट की व्यवस्था हो जिससे कि घटना की पुनरावृत्ति न हो.







