पाकुड़ : झामुमो से महेशपुर विधायक प्रोफेसर स्टीफन मरांडी शुक्रवार को वेल्लोर से झारखंड लौट रहे थे तभी ट्रेन में उनकी तबीयत खराब हो गई. इसके बाद इमरजेंसी में उन्हें ओडिशा के संबलपुर स्थित बुर्ला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. वे अपनी स्वास्थ्य जांच के लिए सीएमसी वेल्लोर गए हुए थे. ट्रेन से वापस लौटते समय उन्हें एसी बोगी में ठंड लगने के कारण सांस लेने में परेशानी हुई. अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण उन्हें ओडिशा के बालांगीर स्टेशन में उतारा गया. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद उन्हें एम्बुलेंस के माध्यम से बालांगीर के भीम भोई मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती करवाया गया. डॉक्टरों ने जांच में पाया कि उनका ऑक्सीजन लेवल लगातार गिर रहा है. इसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए संबलपुर के बुर्ला अस्पताल रेफर कर दिया. मिली जानकारी के अनुसार स्टीफन मरांडी की तबीयत अभी ठीक है. उन्हें बेहतर इलाज के लिए चेन्नई अपोलो अस्पताल ले जाने की योजना पर विचार किया जा रहा है. अस्पताल में स्टीफन के साथ उनकी बेटी उपासना मरांडी मौजूद है.



