जमशेदपुर : कुख्यात नक्सली प्रमोद मिश्रा और उसके साथी अनिल यादव को पुलिस ने गया से गिरफ्तार किया है. मिली जानकारी के अनुसार दोनों गया के टिकारी प्रखंड के पड़री में अपने रिश्तेदार के यहां आए थे. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया. बताते चले के प्रमोद मिश्रा औरंगाबाद का रहने वाला है और भाकपा माओवादी के पोलित ब्यूरो का सदस्य है. प्रमोद मिश्रा पर अपराध के कई मामले दर्ज है. 14 नवंबर 2021 को डुमरिया के सरयू सिंह भोक्ता के घर हमला किया था और उसके दोनों बेटे सतेंद्र, महेंद्र समेत उसकी पत्नी मनोरमा देवी और सुनीता की हत्या कर दी. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद चारों के शव को फंदे से लटका दिया और घर को बम से उड़ा दिया था. इस हत्याकांड में प्रमोद मिश्रा और उसके साथी मुख्य आरोपी है. झारखंड सरकार ने उसपर 1 करोड़ रुपए इनाम रखने का प्रस्ताव सुरक्षा एजेंसियों को दिया था. देशभर की सुरक्षा एजेंसियों को प्रमोद मिश्रा की तलाश थी. प्रमोद मिश्रा संगठन और संगठन के बाहर कई नामों से जाना जाता था. सोहन दा, शुक्ला जी, कन्हैया, जगन भरत, नूर बाबा, बीवी जी, अग्नि, और बाण बिहार जैसे नाम प्रमोद मिश्रा के ही हैं. दोनों नक्सली के पकड़े जाने के संबंध में एसएसपी आशीष भारती ने बताया कि बीते दिनों से सूचना प्राप्त हो रही थी कि कुख्यात नक्सली प्रमोद मिश्रा और अनिल यादव टिकारी अनुमंडल के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में घूमकर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे. दोनों को पकड़ने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था.












