
रांची : झारखंड के राजनीति में नयी धुरी बनने को आतुर झारखंड लोकतांत्रिक मोर्चा की आपात बैठक गुरुवार की रात को हुई. हुसैबानाबाद से नेशनल कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के विधायक कमलेश सिंह के आवास पर आहूत इस बैठक में आजसू के प्रमुख सुदेश महतो, गोमिया से आजसू विधायक लंबोदर महतो, जमशेदपुर पूर्वी के निर्दलीय विधायक सरयू राय और निर्दलीय बरकट्टा विधायक अमित कुमार यादव मौजूद थे. विधानसभा में उनके द्वारा उठाये गये मुद्दों पर चर्चा की गयी और लोकतांत्रिक मोर्चा को आगे ले जाने पर चर्चा की गयी. बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री और आजसू के सुप्रीमो सुदेश महतो ने कहा कि हमने विधानसभा के सदन में कई बातों पर चर्चा की है. सदन में सरकार के मंत्री कोई भी ठोस जवाब नहीं देते है. मोर्चा की ओर से सदन में उनको अतिरिक्त समय देने की मांग की गयी थी, लेकिन विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो कोई जवाब देने को तैयार नहीं है. उन्होंने कहा कि विपक्ष फिलहाल केवल अपने अपने क्षेत्र का मुद्दा सदन में उठा रहे है. राज्य का मुद्दा सदन से गायब है और उसको दबाया भी जा रहा है. राज्यसभा चुनाव को लेकर पूछे गये सवाल का जवाब देते हुए सुदेश महतो ने कहा कि यहां हल्की बात होती रहती है, लोग हल्के हैं. राज्यसभा का चुनाव है तो अच्छी बात है कि वे लोग पांच मिलकर किसी को वहां भेज सकते हैं. झामुमो और कांग्रेस के बीच मतभेदों पर उन्होंने किसी तरह का कोई कमेंट करने से साफ तौर पर इनकार कर दिया. आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने कहा कि यहां बिना किसी तर्क या डायरेक्शन के सरकार चलायी जा रही है. ढाई साल बीत चुका है, सरकार गठन के बाद से अब तक किसी तरह का फैसला सरकार नहीं ले पा रही है.



