
जमशेदपुर : झारखंड के राज्यसभा चुनाव में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश को बड़ा साथ मिला है. भाजपा से बाहर जाकर भाजपा के ही मुख्यमंत्री रघुवर दास को निर्दलीय चुनाव लड़कर हराने वाले कद्दावर नेता सरयू राय ने साफ कर दिया है कि वे भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी दीपक प्रकाश को ही साथ देंगे. दीपक प्रकाश को वोट देने के लिए खुद दीपक प्रकाश कई बार सरयू राय से मिल चुके है जबकि सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने भी सरयू राय से सार्वजनिक तौर पर ट्विट कर अपील की थी कि वे भाजपा के पुराने साथी दीपक प्रकाश का साथ दें.

इस ट्विट के साथ ही इसको प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी ट्विट किया था. इसके जवाब में खुद सरयू राय ने भी ट्विट कर जानकारी दी है कि वे किसी भी कंफ्यूजन (दुविधा) में नहीं है और उनका ट्विट (डॉ निशिकांत दुबे का) काफी मायने रखता है. इसके बाद खुद डॉ निशिकांत दुबे ने इस ट्विट का जवाब देते हुए आभार भी जताया है. इसके बाद यह साफ हो गया है कि भाजपा के पुराने नेता और वर्तमान में जमशेदपुर पूर्वी के विधायक निर्दलीय सरयू राय भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश का ही साथ देने जा रहे है. इस ट्विट के बाद राहत की सांस दीपक प्रकाश ने ली होगी. वहीं, इस साथ के बाद यह भी अटकलें तेज हो गयी है कि क्या भाजपा में सरयू राय की वापसी होगी. सरयू राय के प्रति भाजपा के कद्दावर सांसद डॉ निशिकांत दुबे की उदारवादी चेहरा के साथ ही भाजपा के विपक्ष (नामित) के नेता बाबूलाल मरांडी का प्यार समेत तमाम नेताओं की बढ़ती करीबी इस ओर इशारा कर रहा है कि कहीं सरयू राय की वापसी तो पार्टी में नहीं हो जायेगी. इसको लेकर रघुवर दास के खेमे में काफी खलबली मची हुई है.














