
रांची : झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर सरगर्मी अब तेज हो चुकी है. इसको लेकर यूपीए (झामुमो, कांग्रेस और राजद) और एनडीए (भाजपा और आजसू) इसको लेकर आमने सामने आ चुके है. इसको लेकर तल्खी बढ़ती जा रही है. शुक्रवार को दो सीट के लिए चुनाव होना है, जिसको लेकर तैयारी तेज हो चुकी है. कांग्रेस का एक, भाजपा का एक और झामुमो का एक प्रत्याशी मैदान में है. झामुमो के सुप्रीमो गुरुजी शिबू सोरेन प्रत्याशी है जबकि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश को राज्यसभा चुनाव में प्रत्याशी बनाया गया है. तीसरे उम्मीदवार कांग्रेस के शहजादा अनवर को बनाया गया है. इसको लेकर यूपीए और एनडीए की ओर से सघन अभियान चलाया जा रहा है और अपने विधायकों को जोड़ने की कोशिशें तेज हो चुकी है. इस कड़ी में कई घटनाक्रम रांची में हुई है.
रांची में जिस स्कूल में भाजपा विधायकों को रखा गया, उसको खाली करने का दिया गया आदेश
राज्यसभा चुनाव को लेकर राजधानी रांची में सरला बिरला स्कूल में भाजपा के सारे विधायकों को रखा गया है. इन सारे विधायकों को स्कूल में ही रखा गया है, जहां से योजना थी कि सबको एक साथ झारखंड विधानसभा में ले जाया जायेगा, लेकिन अचानक से इसमें एक नया घटनाक्रम हो गया. रांची के डीसी ने एक आदेश देते हुए कोविड-19 को देखते हुए स्कूल के हॉस्टल को खाली करने का आदेश दे दिया है. भाजपा विधायकों को अब स्कूल से हटाना होगा, जिसके लिए रांची डीसी ने आदेश जारी किया है कि हर हाल में उनको हॉस्टल खाली करना ही होगा. रांची के एसएसपी को तत्काल खाली कराने का आदेश दिया गया है. गौरतलब है कि रांची में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम माथुर और राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी समेत अन्य लोगों ने बुधवार को भाजपा और आजसू के विधायकों के साथ बैठक की थी. इस बैठक के दौरान ही दोनों ही पार्टियों की बैठक हुई, लेकिन भाजपा के विधायकों को सरला बिरला स्कूल में ही पॉलिटिकल क्वारंटाइन में रख लिया गया ताकि कोई विधायक इधर से उधर नहीं हो सके. इसके बाद रांची के डीसी ने गुरुवार को यह आदेश जारी किया कि स्कूल में इस तरह का जुटान नहीं किया जा सकता है, जिसको खाली करने का आदेश दे दिया है.

आजसू अध्यक्ष और निर्दलीय सरयू राय से मिलने पहुंचे भाजपा के महामंत्री
दूसरी ओर, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह झारखंड प्रभारी ओम माथुर और राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह लगातार नेताओं से मिल रहे है ताकि उनके पार्टी के प्रत्याशी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश की जीत सुनिश्चित हो सके. बताया जाता है कि आजसू अध्यक्ष सुदेश महतो से मिलने के लिए भाजपा के झारखंड प्रभारी ओम माथुर, अरुण सिंह के अलावा बाबूलाल मरांडी, प्रत्याशी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश से मिलने के लिए पहुंचे और उनसे समर्थन की अपील की. हालांकि, सुदेश महतो ने साफ कर दिया है कि वे लोग भाजपा के ही साथ है. इसी तरह भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने निर्दलीय सरयू राय से मुलाकात की. भाजपा के बड़े नेता माने जाने वाले सरयू राय ने भाजपा को छोड़कर मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ चुनाव लड़ा था और जीत गये थे, जिसके बाद उन्होंने भाजपा को त्याग दिया था. सरयू राय से अरुण सिंह की करीब आधे घंटे तक बात हुई, जिसके बाद सरयू राय ने घोषणा की कि उनकी पहली वरीयता का वोट भाजपा को ही दिया जायेगा. उनकी नाराजगी एक व्यक्ति से थी, पार्टी से उनकी नाराजगी कभी नहीं रही थी. इस कारण उनके वोट को लेकर कोई दुविधा नहीं है.
भाजपा ने चुनाव आयोग से की शिकायत
इस बीच भाजपा के दो विधायक बोकारो के विरंची नारायण और धनबाद के विधायक राज सिन्हा चुनाव आयोग के पास पहुंचे. इन लोगों ने चुनाव आयोग में लिखित तौर पर शिकायत की है कि लगातार सरकारी तंत्र का बेजां इस्तेमाल किया जा रहा है. काफी ज्यादा परेशान भाजपा विधायकों को किया जा रहा है. चुनाव आयोग से इसकी शिकायत कर दी गयी है और कहा गया है कि इस पर लगाम लगाने की जरूरत है. यूपीए के डिनर और लंच डिप्लोमेसी के दौरान कोविड-19 के नियम का अनुपालन नहीं करने के साथ ही चुनाव आयोग के नियमों का भी उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया है. वैसे आयोग ने अब तक कोई कदम नहीं उठाया है.

यूपीए की बैठक में कांग्रेस नेता पीएल पुनिया व सीएम भी मौजूद रहे
झारखंड में होने वाले राज्यसभा के चुनाव को लेकर कांग्रेस के विधायक इरफान अंसारी के आवास पर सारे विधायकों की भीड़ जुटी. इस दौरान कांग्रेस, झामुमो और राजद के सारे बड़े नेता और विधायक मौजूद थे. सारे लोग लंच में मौजूद रहे. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावा कांग्रेस के आला नेता और राष्ट्रीय स्तर के नेता पीएल पुनिया भी मौजूद थे. इस दौरान विधायकों को भी जोड़ा गया और बताया गया कि किस तरह राज्यसभा के दोनों यूपीए के प्रत्याशी को जीताया जाना है. झामुमो के सुप्रीमो गुरुजी शिबू सोरेन और कांग्रेस के शहजादा अनवर को यूपीए ने प्रत्याशी बनाया गया है. इन दोनों को जीताने की बात कहीं गयी है.

झामुमो ने चुनाव एजेंट को नियुक्त किया
झामुमो की ओर से चुनाव को लेकर एजेंट नियुक्त किया गया है. इसके तहत बिनोद पांडेय और सुप्रीयो भट्टाचार्य को पार्टी का एजेंट राज्यसभा चुनाव में नियुक्त कर दिया है जबकि शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो को काउंटिंग एजेंट नियुक्त कर दिया है. झामुमो ने अपने सारे विधायकों को जोड़कर रखा है ताकि किसी तरह भी क्रॉस वोटिंग नहीं हो सके.
झारखंड के नये विधानसभा में सोशल डिस्टेंसिंग के साथ होगी वोटिंग
नए विधानसभा भवन में राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान की तैयारी पूरी कर ली गयी है. झारखंड के दो सीटों के लिए 19 जून को मतदान होगा. नए विधानसभा भवन के साउथ विंग के भूतल एक हॉल को मतदान केंद्र बनाया गया है। इसी हॉल के बगल में एक कमरा है, जिसे मिरर बूथ बनाया गया है. वोटिंग करने वाले सभी विधायकों को कोविड- 19 के गाइडलाइन के अनुसार मतदान करना होगा. मतदान सुबह नौ बजे से शुरु होगा. वोट शाम चार बजे तक डाले जाएंगे। इसके बाद शाम पांच से वोटों की गिनती शुरू होगी. देर शाम तक इसकी घोषणा पर भी कर दी जाएगी. इसका जानकारी रिर्टनरिंग अॉफिसर मनोज प्रसाद ने दी. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार कोरोना संकट को देखते हुए इस तरह की तैयारी की गई है.






