
रांची : झारखंड सरकार राशन कार्ड को निरस्त कर नये लोगों को राशन कार्ड देने की योजना पर काम कर रही है. इस कड़ी में अब तक झारखंड सरकार ने एक लाख लोगों के राशन कार्ड को रद्द कर दिया है. अब स्क्रुटनी चल रही है, जिसमें करीब 4 लाख राशन कार्ड को भी रद्द किया जा सकता है. यह जानकारी खुद राज्य के खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने दी है. डॉ उरांव ने अपने आवास पर मीडिया से बातचीत करते हुए कही कि चार लाख ऐसे राशनकार्डधारी है, जो सिर्फ नाम के लिए राशन कार्ड रखे है और 8 से 10 माह से राशन का उठाव तक नहीं किया है. ऐसे लोगों के राशन कार्ड को रद्द कर दिया जायेगा. जिनको राशन कार्ड की जरूरत नहीं है, उनको राशन कार्ड मिल गया है. ऐसे राशन कार्ड अगर खारिज होगी तो नये लोगों को भी इसकी सुविधा दी जा सकेगी. डॉ रामेश्वर उरांव के जिम्मे वित्त मंत्रालय भी है. उन्होंने कहा कि राजस्व संग्रह पर जोर दिया जा रहा है. 21 साल से राजस्व संग्रहण पर किसी तरह का कोई काम नहीं हुआ है. लिहाजा, यह सरकार राजस्व संग्रह पर भी जोर दे रही है. राजस्व संग्रह होना काफी जरूरी है. इसके बदौलत ही सारी विकास योजनाएं बन सकेगी. इसको और बढ़ाने के लिए बिहार और ओड़िशा राज्यों के मॉडल का भी अध्ययन किया जा रहा है.












