
जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति के मामले में टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी लिमिटेड (पहले जुस्को) के वादा खिलाफी के विरूद्ध जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय 16 जनवरी से जल सत्याग्रह की शुरूआत करेंगे. जल सत्याग्रह गोलमुरी केबुल टाऊन के न्यू डीएस फ्लैट मैदान में होगा. 16 जनवरी को श्री राय वहां एक दिवसीय सत्याग्रह पर बैठेंगे. केबुल बस्ती में न्यू डी एस फ्लैट के घर-घर में पेयजल का कनेक्शन तथा जमशेदुपर विधानसभा क्षेत्र के बाबुडीह, लालभट्टा, कल्याणनगर सहित बर्मामाइंस, टिनप्लेट, नामदा बस्ती, जेम्को, इंद्रानगर आदि इलाकों में वादा करने के बावजूद जुस्को द्वारा पेयजल का कनेक्शन नहीं दिया जा रहा है. भुइयांडीह के ब्रह्माण टोला से जल निकासी की समस्या का समाधान भी जुस्को द्वारा नहीं की जा रही है. विडंबना है कि टाटा लीज क्षेत्र की विभिन्न बस्ती में जुस्को किसी न किसी बहाने पेयजल का कनेक्शन देने के वादा से मुकर रहा है. शनिवार को मकर संक्रांति के दिन से जल सत्याग्रह का अभियान आरंभ होगा और आने वाले दिनों में इस पर विस्तार दिया जाएगा. जिन इलाकों में दिसंबर 2022 के पहले पेयजल कनेक्शन देने का वादा लिखित रूप में जुस्को ने दिया है तथा उपायुक्त सहित जमशेदपुर अक्षेस के अधिकारियों के साथ कई बैठकों में इसकी रूपरेखा प्रस्तुत किया है परंतु जुस्को का यह वादा केबल कागजी बनकर रह गयी है. पेयजल मानव जीवन की आवश्यक आवश्यकता है. इस मौलिक अधिकार को जनता को दिलाने के लिए हर संभव कारवाई की जाएगी. जल सत्याग्रह में कोविड के सभी नियमों का पालन किया जाएगा. यह जानकारी विधायक सरयू राय ने विभिन्न मंडल के कार्यकर्ताओं को उनसे उनके बिष्टुपुर स्थित आवास पर मिलने आने के दौरान दी है. मिलने आने वाले कार्यकार्तओं में कुलविंदर सिंह पन्नु, राजेश झा, आकाश साह, धमेन्द्र प्रसाद, विकास गुप्ता, विनोद यादव आदि मौजूद थे.














