चाईबासा/जगन्नाथपुर: पश्चिम सिंहभूम के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के काटेपाड़ा जंगल स्थित सुखदेवलंगर नाला से बरामद अज्ञात शव मामले का पुलिस ने त्वरित उद्भेदन करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार 15 जून को काटेपाड़ा ग्रामीण मुंडा द्वारा सूचना दी गयी थी कि सुखदेवलंगर नाला में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा है, जिससे दुर्गंध आ रही है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया. जांच के दौरान मृतक की पहचान जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के छोटा महुलडीहा निवासी मुकेश बारजो (20 वर्ष) के रूप में हुई. परिजनों ने पुलिस को बताया कि गांव के ही रहने वाले फंदुस लागुरी के साथ कुछ दिनों पूर्व मुकेश का विवाद हुआ था. विवाद के दौरान फंदुस लागुरी ने मुकेश को जान से मारने की धमकी भी दी थी. (नीचे भी पढ़ें)
मृतक की पत्नी बुधनी गोप बारजो के लिखित आवेदन के आधार पर जगन्नाथपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) जगन्नाथपुर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. तकनीकी शाखा की सहायता से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी फंदुस लागुरी (35 वर्ष) को जगन्नाथपुर के छोटा महुलडीहा से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. फिलहाल गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया गया है.







