चक्रधरपुर: चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के असलम चौक के पास पुलिस ने ब्राउन शुगर की बिक्री कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से ब्राउन शुगर, मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गयी है. पुलिस को 16 जून की रात करीब 10:55 बजे सूचना मिली थी कि असलम चौक के पास एक व्यक्ति ब्राउन शुगर की बिक्री कर रहा है. सूचना के आधार पर चक्रधरपुर थाना एवं वरीय पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस टीम के मौके पर पहुंचते ही संदिग्ध युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन सशस्त्र बल की मदद से उसे पकड़ लिया गया. पूछताछ में उसकी पहचान एहतेशाम वकार (28 वर्ष) चक्रधरपुर निवासी पापड़हाता के रूप में हुई. तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 1.46 ग्राम ब्राउन शुगर (तीन पुड़िया), एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन तथा मोटरसाइकिल संख्या जेएच05सीपी-6025 बरामद की गयी. आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.






