जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र के सोनारी ऑटो स्टैंड के पास एक युवक पर जानलेवा हमला करने और उसके गले से सोने की चेन छीनने का मामला सामने आया है. हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल की पहचान साकची निवासी कुणाल कुमार के रूप में हुई है. पीड़ित की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. कुणाल कुमार ने पुलिस को बताया कि वह अपने कुछ दोस्तों के साथ सोनारी ऑटो स्टैंड के पास एक दुकान पर चाय पी रहा था. इसी दौरान साकिब और राहुल तिवारी नामक दो युवक वहां पहुंचे और कथित तौर पर बिना किसी वजह के गाली-गलौज करने लगे. विरोध करने पर दोनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. (नीचे भी पढ़ें)
आरोप है कि मारपीट के दौरान एक आरोपी ने पिस्तौल की बट से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और काफी खून बहने लगा. वहीं दूसरा आरोपी हाथ में चापड़ लेकर उसे लगातार जान से मारने की धमकी देता रहा. घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गयी और आसपास मौजूद लोग डरकर इधर-उधर भागने लगे. पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसके गले से सोने की चेन भी छीन ली. किसी तरह वह वहां से जान बचाकर निकला और पुलिस को घटना की सूचना दी. कदमा थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.







