रामगढ़: भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार शनिवार को रामगढ़ पहुंचे. अपने दौरे की शुरुआत उन्होंने रजरप्पा स्थित प्रसिद्ध मां छिन्नमस्तिका मंदिर में पूजा-अर्चना कर की और मां का आशीर्वाद लिया. इसके बाद वह सीसीएल गोस्ट हाउस, रजरप्पा में आयोजित एक्सपीरियंस शेयरिंग कार्यक्रम में शामिल हुए. इस कार्यक्रम में उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनाव चुनाव 2024 में भाग लेने वाले वॉलेंटियर्स के साथ अपने अनुभव साझा किए.मुख्य चुनाव आयुक्त के दौरे को लेकर रामगढ़ जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे.(नीचे भी पढ़े)

इस कार्यक्रम में झारखंड के मुख्य चुनाव अधिकारी रवि कुमार, रामगढ़ के उपायुक्त चंदन कुमार, एसपी अजय कुमार और बड़ी संख्या में वॉलेंटियर्स मौजूद रहे. विदित हो कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार 11 से 13 अप्रैल तक झारखंड दौरे पर हैं और इस दौरान वे राज्य के विभिन्न जिलों में चुनावी प्रक्रिया से जुड़े अनुभवो को साझा कर रहे हैं और आगामी चुनावों को लेकर तैयारियों की समीक्षा भी कर रहे हैं. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा है कि मैंने वॉलेंटियरस से बातचीत की, जिसके दौरान मुझे एहसास हुआ कि झारखंड में लोकतंत्र की जड़ें बहुत मजबूत हैं. उन्होंने कहा कि 18 वर्ष से अधिक आयु के प्रत्येक नागरिक को निर्वाचक बनना चाहिए. चुनाव आयोग हमेशा मतदाताओं के साथ खड़ा था, है और सदैव खड़ा रहेगा. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने वॉलेंटियरस को संबोधित करते हुए कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के सर्वोच्च पद पर आसीन मुख्य चुनाव आयुक्त आज हम सब के बीच उपस्थित है एवं आप सभी के अनुभवों को साझा कर रहें है. सभी वॉलेंटियर से आग्रह है कि आपके मन में किसी भी प्रकार के प्रश्न है तो उसे बेझिझक पूछें. रामगढ़ के उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी चंदन कुमार ने वॉलेंटियर के कार्यों को सराहा. इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी झारखंड के रवि कुमार, अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी डॉ नेहा अरोड़ा, रामगढ़ के उपायुक्त चंदन कुमार, एस पी अजय कुमार, संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार सहित निर्वाचन एवं रामगढ़ जिले के पदाधिकारी, जिले के वॉलेंटियर एवं बीएलओ उपस्थित थे.उन्होंने ईवीएम के उठाए जा रहे सवाल पर कहा कि यह पूरी तरह से पारदर्शी है. इसमे हैक करने की संभावना नहीं है. ईवीएम में वीवीपैट का मिलान भी सही किया जाता है. लोकसभा और विधानसभा चुनाव में मतो का प्रतिशत बढ़ना, अच्छी बात है. वॉलेंटियर्स और बीएलओ के कार्यों की प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि इनके ही मेहनत का नतीजा है.




