रांची : झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन संसदीय कार्यमंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सदन में एक्शन टेकन रिपोर्ट पेश की. इस रिपोर्ट में 5 दिसंबर 2025 से 11 दिसंबर 2025 तक आयोजित शीतकालीन सत्र के दौरान सरकार द्वारा दिए गए आश्वासनों पर की गई कार्रवाई का समेकित विवरण प्रस्तुत किया गया. विधानसभा सचिवालय द्वारा शीतकालीन सत्र के कुल 28 आश्वासनों की सूची मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (संसदीय कार्य) को उपलब्ध कराई गई थी, जिसके अनुपालन में यह प्रतिवेदन सदन के पटल पर रखा गया. एटीआर में बताया गया है कि राज्य में कैटेगरी-2 के लगभग 444 बालू घाट चिन्हित किए गए हैं. इनमें से झारखंड सैंड माइनिंग रूल 2025 के तहत 298 बालू घाटों की ई-ऑक्शन प्रक्रिया संबंधित जिलों में पूरी कर ली गई है, जबकि शेष 146 बालू घाटों की ई-आॅक्शन प्रक्रिया जारी है. (नीचे भी पढ़ें)

पलामू जिले के अनुमोदित डीएसआर के अनुसार कैटेगरी-1 के 73 बालू घाट चिन्हित हैं. इन घाटों से 100 रुपये प्रति घनफीट की दर से ग्रामीण क्षेत्रों में बालू उपलब्ध कराई गई है. सरकार ने बताया कि कैटेगरी-1 और कैटेगरी-2 दोनों श्रेणी के बालू घाटों का संचालन शीघ्र शुरू कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के अंतर्गत 52 बाल विकास परियोजनाओं में संविदा के आधार पर सृजित 442 पदों को सरेंडर किया गया है. इनमें महिला पर्यवेक्षिका के 286, सांख्यिकी सहायक के 52, लिपिक-सहटंकक के 52 तथा आदेशपाल के 52 पद शामिल हैं. इनके स्थान पर नियमित व्यवस्था के तहत महिला पर्यवेक्षिका (अराजपत्रित) के 286, सांख्यिकी सहायक (अराजपत्रित) के 52, लिपिकसह-टंकक (अराजपत्रित) के 52 तथा आदेशपाल (बाह्य स्रोत) के 52 पद सृजित करने की अनुशंसा की गई है. (नीचे भी पढ़ें)
यह भी पढ़ें: Jamshedpur rural body found : बड़ाबांकी पुल के नीचे मिला नवजात शिशु का शव, तफ्तीश में जुटी पुलिस
सरकार ने स्पष्ट किया है कि संविदा कर्मियों की अवधि समाप्त होने के साथ ही संविदा पद स्वत: समाप्त हो जाएंगे और नए नियमित पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. बरकट्ठा प्रखंड मुख्यालय स्थित डिग्री कॉलेज में शिक्षकों की नियुक्ति के लिए अधियाचना जेपीएससी को भेज दी गई है. वहीं शिक्षकेत्तर कर्मियों की नियुक्ति के लिए आरक्षण रोस्टर क्लीयरेंस की प्रक्रिया जारी है. रोस्टर क्लीयरेंस के बाद विश्वविद्यालय की ओर से शिक्षकेत्तर पदों के लिए भी अधियाचना जेपीएससी को भेजी जाएगी. सरकार ने सदन को आश्वस्त किया कि शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मियों की नियुक्ति जल्द पूरी कर ली जाएगी. दूसरी ओर, झारखंड विधानसभा का बजट सत्र आज राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ. राज्यपाल ने अपने विस्तृत संबोधन में राज्य सरकार की अब तक की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए आगामी वर्षों की प्राथमिकताओं और योजनाओं का खाका सदन के पटल पर रखा. राज्यपाल ने कहा कि राज्य सरकार कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं और अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि राज्य में सभी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. (नीचे भी पढ़ें)
उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की सक्रियता और विकास योजनाओं के विस्तार से सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं. अपने अभिभाषण में राज्यपाल ने विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए दुमका में कमर्शियल पायलट प्रशिक्षण केंद्र के संचालन को राज्य के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया. इसके साथ ही वन क्षेत्र के विस्तार, पर्यटन विकास, औद्योगिक निवेश को बढ़ावा, राष्ट्रीय एवं राज्य उच्च पथ (हाइवे) के निर्माण और ग्रामीण सड़कों के सुदृढ़ीकरण जैसे कार्यों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि आधारभूत संरचना के विकास के माध्यम से राज्य को तीव्र प्रगति की ओर ले जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. राज्यपाल ने यह भी कहा कि सरकार उद्योग, रोजगार सृजन, पर्यावरण संरक्षण और संतुलित क्षेत्रीय विकास को लेकर प्रतिबद्ध है. विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं, किसानों और महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. अभिभाषण के उपरांत विधानसभा की कार्यवाही संचालित करते हुए अध्यक्ष रविन्द्र नाथ महतो ने सदन में शोक प्रस्ताव प्रस्तुत किया. उन्होंने विगत सत्र के बाद से अब तक देश ने राजनीति, कला, उद्योग और समाज सेवा के क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों को खोने पर गहरा दु:ख व्यक्त किया. साथ ही विभिन्न दुर्घटनाओं में मृत लोगों के प्रति भी सदन की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की गई और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई.














