
रांची/जमशेदपुर : झारखंड विकास मोरचा के विधायक प्रदीप यादव की भी अब छुट्टी होने वाली है. मोरचा के विधायक प्रदीप यादव को पार्टी के प्रधान महासचिव अभय सिंह ने नोटिस जारी की है. इस शो-कॉज नोटिस का जवाब 48 घंटे में देने को कहा गया है. अगर जवाब संतोषप्रद नहीं होता है तो उनको भी पार्टी से बरखास्त किया जा सकता है. इससे पहले बंधु तिर्की को पार्टी से बरखास्त किया जा चुका है. गौरतलब है कि बंधु तिर्की के साथ प्रदीप यादव ने मिलकर दिल्ली का दौरा किया था और उस दौरे के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मुलाकात की थी. कांग्रेस के झारखंड प्रभारी आरपीए़ सिंह के साथ उन लोगों ने दोनों से मुलाकात की थी. इसको देखते हुए झारखंड विकास मोरचा के प्रधान महासचिव ने नोटिस जारी कर पूछा है कि क्यों उनकी मुलाकात सोनिया गांधी और राहुल गांधी से हुई थी और पार्टी लाइन से हटकर पार्टी के खिलाफ ही बयानबाजी किस आधार पर की थी. इसके अलावा यह भी कहा गया था कि वे गोड्डा में सीएए के विरोध में आयोजित रैली में भाग लिया था, जो पार्टी विरोधी काम है. इसका जवाब 48 घंटे के भीतर देने को कहा गया है. पार्टी विरोधी कार्य में संलिप्त है, यह क्यों नहीं माना जाये, इसका जवाब मांगा गया है. वैसे इस पूरे प्रकरण में झाविमो का विलय भाजपा में करने की तैयारी है. बताया जाता है कि दिल्ली चुनाव के बाद झाविमो का भाजपा में विलय होना तय है.






