रांची : झारखंड में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में कांग्रेस ने बड़ी पहल की है. राहुल गांधी के संभावित दौरे के बीच झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जिला कांग्रेस कमेटी (डीसीसी) अध्यक्षों के लिए 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया है. यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 22 मार्च से 31 मार्च तक ट्राइबल रिसर्च एंड ट्रेनिंग सेंटर (टीआरटीसी), चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम) में आयोजित होगा, जिसमें झारखंड और ओडिशा के डीसीसी अध्यक्ष भाग लेंगे. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने बताया कि शिविर में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की भूमिका, जनसंपर्क और राजनीतिक रणनीति जैसे अहम विषयों पर गहन प्रशिक्षण दिया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
इस कार्यक्रम की खास बात यह है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शिविर के दौरान एक दिन शामिल होंगे। उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है. प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी जिला अध्यक्षों से 21 मार्च की शाम तक या 22 मार्च सुबह 10 बजे से पहले प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचकर पंजीकरण कराने की अपील की है. धनबाद जिला अध्यक्ष संतोष सिंह ने कहा कि राहुल गांधी का इस कार्यक्रम में शामिल होना संगठन के लिए गर्व की बात है और इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल और मजबूत होगा.



