सरायकेला: खरसावां स्थित राजकीय पॉलिटेनिक कॉलेज के प्राचार्य उमेश कुमार सिंह की तानाशाही के खिलाफ छात्र- छात्राओं ने मोर्चा खोल दिया है. विद्यार्थियों ने इसको लेकर उच्च एवं तकनीकी शिक्षा के प्रधान सचिव, सरायकेला उपायुक्त, सरायकेला एसपी से शिकायत की है. जिसमें प्राचार्य पर सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम सुधार अवधि तक नहीं दिखाने का आरोप लगाया है. इसके अलावा छात्र- छात्राओं के हॉस्टल को प्राचार्य द्वारा जबरन खाली करवा दिया गया है. कॉलेज के छात्र- छात्राओं ने प्राचार्य पर आरोप लगाया कि कॉलेज के अंतरिक परीक्षा और एक्टिविटी से जुड़े मार्क्स को नहीं देकर बच्चों के साल भर का मेहनत बर्बाद कर दिया जा रहा है. जबकि बच्चे एक्सटर्नल की परीक्षा में बेहतर नंबरों से पास हुए है. (नीचे भी पढ़े)
बताया जा रहा है बीते एक साल से प्राचार्य द्वारा कॉलेज के छात्र- छात्राओं को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है. इधर छात्र- छात्राओं की शिकायत के बाद अब प्रशासन सक्रिय हो गया है. मामले को जिले के एसपी और डीसी ने भी संज्ञान में लिया है. कॉलेज के सभी सेमेस्टर के छात्र- छात्राओं पर प्राचार्य द्वारा तानाशाही रवैया अपनाया जा रहा है. बच्चे नोट्स जमा कर देते है, लेकिन उन्हें नंबर नहीं दिया जा रहा है. बच्चे जब प्राचार्य से सवाल करते है तो उसे गाली- गलौज करते हुए नशे में धुत सुरक्षा गार्ड से पिटवा देते है. कई विद्यार्थियों ने बताया कि प्राचार्य के इस रवैए से छात्र- छात्राओं का भविष्य खतरे में है. मामले को लेकर प्राचार्य से संपर्क करने का प्रयास किया तो उन्होंने फोन तक नहीं उठाया.











