रामगोपाल जेना,चाईबासा:कोल्हान विश्वविद्यालय चाईबासा का सातवां दीक्षांत समारोह 29 सितंबर को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित होगा. समारोह में झारखंड के राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और विद्यार्थियों के बीच डिग्री एवं मेडल वितरित करेंगे.विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ अंजिला गुप्ता ने प्रेस वार्ता में बताया कि समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. इस वर्ष कुल 5473 डिग्रियां प्रदान की जाएंगी. (नीचे भी पढ़े)

इनमें 4066 स्नातक विद्यार्थियों को डिग्री एवं मेडल दिए जाएंगे, जबकि 44 पीएचडी शोधार्थियों को भी डिग्री और मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा. वहीं 26 गोल्ड मेडलिस्ट विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा. कुलपति ने बताया कि इस बार डिग्री प्रमाण पत्र को आधुनिक तकनीक और सुरक्षा मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है. प्रमाण पत्र में सात सुरक्षा फीचर शामिल किए गए हैं. साथ ही इसमें क्यूआर कोड दिया गया है, जिसे स्कैन करने पर संबंधित डिग्री और विद्यार्थी से जुड़ी विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा सकेगी.







