शार्प भारत डेस्क : सूर्य देव के सम्मान में प्रतिवर्ष 14 जनवरी को मनाया जाने वाला यह त्योहार लंबी, ठंडी सर्दियों के महीनों के अंत और वसंत ऋतु के आगमन का प्रतीक है. यह नई फसल के मौसम की शुरुआत का भी प्रतीक है. ‘मकर’ का अर्थ है ‘मकर राशि’. सूर्य का मकर राशि में प्रवेश करना मकर संक्रांति कहलाता है. इस शुभ दिन पर, भक्त सूर्य देव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं क्योंकि उनकी कृपा से ही पृथ्वी पर जीवन फलता-फूलता है. इस साल 14 जनवरी 2026 को दोपहर 3.13 बजे सूर्य मकर राशि में प्रवेश करेंगे. इसे उत्तरायण की शुरुआत कहा जाता है, जब सूर्य दक्षिणायन से उत्तरायण की ओर बढ़ते है. शास्त्रों में उत्तरायण को देवताओं का दिन कहा गया है. साथ ही खरमास का अंत भी इस दिन होता है और शुभ कार्यों की शुरुआत होती है. इस वर्ष मकर संक्रति के दिन दो खास योग बन रहे है. सुबह 7.15 बजे से सर्वार्थ सिद्धि और अमृत सिद्धि योग शुरू होंगे, जो अगले दिन सुबह 3.03 बजे तक प्रभावी रहेंगे. इस वर्ष मकर संक्रांति का पर्व बेहद खास है. पूरे 22 वर्षों के बाद ऐसा शुभ संयोग बन रहा है जब मकर संक्रांति और षदतिला एकादशी एक ही दिन पड़ रहा है. इससे पहले यह दुर्लभ मेल साल 2023 में देखा गया था. लोगों के मन में इस बात को लेकर सवाल है कि संक्रांति के दिन खिचड़ी खाने और दान करने की परम्परा है, जबकि एकादशी होने के कारण चावल खाना या दान करना सही नहीं है. (नीचे भी पढ़ें)
मकर संक्रांति और एकादशी एक ही दिन : इस बार संक्रांति पर दुर्लभ योग सर्वार्थ सिद्धि योग (सभी कार्यों में सफलता देने वाला) और अमृत सिद्धि योग (अमृत फल देने वाला) भी बन रहे हैं, जिससे इसका धार्मिक और ज्योतिषीय महत्व कई गुना बढ़ जाता है. वैसे तो विष्णु पुराण में एकादशी को चावल या कुछ भी दान करने की कोई मनाही नहीं है. इसलिए आप 14 जनवरी को भी खिचड़ी दान कर सकते हैं लेकिन आप अगर एकादशी करते हैं, तो 14 जनवरी को खिचड़ी ना खाएं. आप 15 को खिचड़ी खा सकते हैं और दान भी कर सकते हैं. एकादशी के अगले दिन द्वादशी को चावल दान करना शुभ माना गया है. तो, आप मकर संक्रांति के दिन तिल, गुड़, कपड़े और अन्य अनाज दान कर सकते हैं और अगले दिन खिचड़ी दान कर सकते हैं.
स्नान दान का शुभ मुहूर्त :
मकर संक्रान्ति स्नान दान करने का समय: 14 जनवरी 2026 दिन बुधवार.
संक्रांति स्नान का शुभ मुहूर्त: सुबह 07:15 से शाम 05:45 बजे तक.
महापुण्य काल : सुबह 07:15 बजे से सुबह 09:00 बजे तक.
मकर संक्रान्ति पुण्य काल: 14 जनवरी 2026 को शाम 03 बजकर 13 मिनट से 05 बजकर 19 मिनट तक
मकर संक्रान्ति अवधि: 02 घण्टे 06 मिनट
मकर संक्रान्ति महा पुण्य काल: 14 जनवरी 2026 को शाम 03 बजकर 59 मिनट से 05 बजकर 19 मिनट तक
मकर संक्रान्ति अवधि – 01 घण्टा 18 मिनट तक
तिल, गुड़, अन्न और वस्त्र दान से रोग मुक्ति की मान्यता : मकर संक्रांति ऐसा पर्व है, जिसमें दान-पुण्य के माध्यम से सूर्यदेव और शनिदेव दोनों को एक साथ प्रसन्न किया जा सकता है. मान्यता है कि तिल, गुड़, अन्न, वस्त्र और पात्र दान करने से ग्रह दोषों का शमन, कृपादृष्टि और रोगों से मुक्ति मिलती है. इसे देखते हुए लोग मकर संक्रांति पर दिनभर दान-पुण्य करते हैं.















