मेदिनीनगर : विभिन्न मजदूर संघों की 12 सूत्री मांगों के समर्थन में बुधवार को देशव्यापी हड़ताल को पलामू जिला कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के अंशकालिक शिक्षिका संघ ने भी नैतिक समर्थन दिया. संघ की पलामू जिला अध्यक्ष बीना कुमारी ने एक बयान जारी कर कहा है कि अंशकालिक शिक्षिका से पूर्णकालिक शिक्षिका जैसा सरकार काम करवाती है. परंतु मानदेय मजदूर के जैसा भी नहीं दिया जाता है. जबकि अंशकालीन शिक्षिका ट्रेंड बीएड व टीचर ट्रेनिंग प्रमाण पत्र धारी होती हैं. आज की बंदी का संघ ने पूर्ण रूप से समर्थन किया है. शिक्षिकाओं ने विद्यालय में पठन-पाठन नहीं किया. बीना कुमारी ने कहा कि आज के बंदी से निश्चित रूप से कस्तूरबा विद्यालय की पढ़ाई पर प्रभाव पड़ा है. शिक्षिकाओं ने मांग की है कि समान कार्य के लिए समान मानदेय दिया जाए. अंशकालिक शिक्षिकाओं को सर्व शिक्षा अभियान कर्मियों की तरह आकस्मिक अवकाश, विशेष अवकाश एवं मातृत्व अवकाश दिया जाये. इस अवधि का मानदेय भी दिया जाए. मानदेय में बढ़ती महंगाई को देखते हुए वृद्धि की जाये. वैसी छुट्टी जिसमें विद्यालय खुला हो उस दिन पढ़ाने का मौका दिया जाए. उन्होंने उस दिन का भी मानदेय देने तथा प्रति कार्य दिवस कम से कम 500 रुपये मानदेय देने की मांग की है.







