
चाकुलिया : चाकुलिया के सीएचसी में डॉक्टरों व स्वास्थ्यकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार की घटना के बाद सीएचसी परिसर में बुधवार को डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों की एक बैठक सीएचसी प्रभारी डॉ रंजीत मुर्मू की अध्यक्षता में हुई. बैठक में सोमवार की रात सीएचसी में ग्रामीणों की भीड़ द्वारा सीएचसी के डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ हुई हुई बदसलूकी और धमकी दिये जाने की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की गयी.

बैठक में डॉ संपा मन्ना घोष ने कहा कि सोमवार की रात प्वाइजन मरीज की इलाज कराने पहुंचे लोगों ने अपशब्द और अभद्र व्यवहार किया और जान से मारने व सीएचसी में आग लगाने की धमकी दी. भय के माहौल में लोगों को स्वास्थ्य सुविधा देने में असहज महसूस कर रहे हैं. पहले डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों की बेहतर सुरक्षा व्यवस्था की जाए. सीएचसी परिसर में सिक्यूरिटि गार्ड बहाल करने, सीएचसी के ठप सीसी टीवी को दुरूस्त करने की बात कही गई. बैठक में प्रभारी डॉ रंजीत मुर्मू ने कहा कि कल रात से ही विभाग द्वारा किया गया मामला दर्ज वापस लेने पर दबाब बनाया जा रहा है. आप सब निर्णय लें कि मामला हटाया जाये या आंदोलन किया जाये. इस पर सभी स्वास्थ्य कर्मियों ने कहा कि आंदोलन जारी रहेगा. किसी भी हाल में केस वापस न लें. बैठक में निर्णय लिया गया कि इस संबंध में किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. निर्णय लिया गया कि ज्यादा दबाब दिया गया तो आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर धरना दिया जाएगा और जब तक गिरफ्तारी नहीं होगी सभी कार्य को बंद रखा जाएगा.
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि स्वास्थ्य कर्मियों के आंदोलन से उच्च पदाधिकारी को अवगत कराया जाये, पर प्रभारी चिकितसा पदाधिकारी ने कहा कि इसकी सूचना वरीय पदाधिकारी को दी गई है. पदाधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि विभागीय कार्रवाई की जायेगी. बैठक में सीएचसी कैम्पस में सूचना लगाने पर सहमति बनी और सूचना में कैम्पस में अनावश्यक भीड़ करना वर्जित है और तोड़-फोड़ करने और अभद्र व्यवहार करने पर दोसी व्यक्ति पर कार्रवाई की जाएगी. बैठक में डॉक्टर सीबी चौधरी, डॉ केवी महतो, डॉ झूलन दे, डॉ राजेश कुमार, प्रणव बेहुरिया, सतीश कुमार, हेमंच महतो, अनिल टुडू, राकेश पांडेय, प्रदीप बेरा, विकास साव, सुप्रभा कटारी, किरण कुमारी, मंजू मुंडा, संध्या रानी मिंज, सहिबा महतो, रीना रानी, सुशीला कुमारी, संगिता चाकी समेत अन्य उपस्थित थे.

सेवानिवृत्त चिकित्सक डॉ एससी झा व डॉ एससी महतो ने की घटना की निंदा
चाकुलिया के सीएचसी परिसर में पिछले सोमवार को कुछ लोगों द्वारा महिला चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मियों के साथ हुए अभद्र व्यवहार की घटना की सेवानिवृत्त चिकित्सक डॉ एससी झा और डॉ एससी महतो ने निंदा की है. उन्होंने कहा है कि चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी स्थानिय लोगों को स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए ततपर रहते हैं. रात में सीएचसी पहुंचकर लोगों द्वारा हंगामा करने की घटना की निंदा करते हुए कहा कि प्रशासन दोषियों पर जल्द कार्रवाई करे और चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था करे, नहीं तो सरकारी के साथ-साथ निजी स्वास्थ्य व्यवस्था भी ठप हो जाएगी, जिसकी सारी जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन की होगी.







