
जमशेदपुर : जमशेदपुर में पुलिस और अस्पताल की लापरवाही से गोली लगने से घायल एक व्यक्ति की जान जा सकती है. हम बात कर रहे हैं मंगलवार देर रात गोलमुरी थाना अंतर्गत साबरमती रोड के समीप हुए गोलीबारी में घायल हुए बिरसानगर निवासी वीडियोग्राफर बबलू की. जिसे मंगलवार देर रात 11:30 बजे के आसपास घायल अवस्था में टाटा मुख्य अस्पताल लाया गया था. जहां अब तक घायल वीडियो ग्राफर के शरीर से गोली नहीं निकाली जा सकी है. गोली बबलू के पेट में लगी है. अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि पहले कोरोना जांच रिपोर्ट आएगी उसके बाद ही आगे की प्रक्रिया की जाएगी.
अब सवाल ये उठता है कि क्या तब तक गोली का जहर घायल के शरीर को नुकसान नहीं पहुंचाएगा ! गौरतलब है कि देर रात तक पुलिस को ही इस बात का पता नहीं चल सका था, कि क्या वाकई में कहीं गोली चली है. अब तक पुलिस क्या कार्यवाई कर रही है, घायल के परिवारवालों से घायल की स्थिति जानने का प्रयास किया गया है. गोली क्यों चली, यह भी अभी रहस्य बना हुआ है. इन सबके बीच घायल फोटोग्राफर जिंदगी और मौत से टाटा मुख्य अस्पताल में जूझ रहा है.

फोटोग्राफर एसोसिएशन ने आरोपियों को गिरफ्तारी की मांग की
दूसरी ओर, इस घटना के खिलाफ जमशेदपुर फोटोग्राफर एसोसिएशन ने आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है. इन लोगों ने एसएसपी जमशेदपुर से मांग की है कि इस घटना को अंजाम देने के आरोपी को गिरफ्तार किया जाये. कौन लोग इसमें शामिल है, इसकी भी जांच की जाये और ऐसे लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाये. अगर अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो वे लोग आंदोलन का रुख अख्तियार कर सकते है, ऐसा एसोसिएशन ने चेतावनी दी है.







