जमशेदपुर : शार्प भारत की खबर का असर मंगलवार को रांची में तब देखने को मिला जब शहर के बिरसानगर क्षेत्र से लापता बुजुर्ग की उसी के आधार पर पहचान कर उन्हें उनके परिजनों को सौंपा गया. बता दें कि शहर के बिरसानागर थानांतर्गत पंजाबी कॉलोनी स्थित प्रकाशनगर रोड नंबर दो निवासी 72 वर्षीय पीवी कोंडल राव विगत रविवार सुबह से लापता हो गये थे. उनके परिजन उनके लिए परेशान थे. शार्प भारत ने उनकी गुमशुदगी की खबर प्रमुखता से प्रसारित की. मंगलवार सुबह रांची रेलवे स्टेशन पर भटक रहे बुजुर्ग पीवी कोंडल राव को आरपीएफ के जवानों ने रोक कर पूछताछ की तो उन्होंने खुद को जमशेदपुर का निवासी बताया. संदेह होने पर उनके गूगल पर जमशेदपुर मिसिंग सर्च करने पर शार्प भारत की खबर सामने आ गई, जिससे बुजुर्ग की पहचान हुई. इसके बाद आरपीएफ अधिकारियों ने उन्हें जमशेदपुर उनके परिजनों तक पहुंचाने की व्यवस्था कराई.



