नयी दिल्ली : कोरोना के एक बार फिर नये रूप में वापसी एवं दुनिया भर में उसके मरीजों की बढ़ती संख्या की खबरों के बीच भारत में एक खुशखबरी सामने आई है. देश में आगामी गणतंत्र दिवस, यानी 26 जनवरी को कोरोना की नेजल वैक्सीन लांच होने जा रही है. वैक्सीन की निर्माता भारत बायोटेक अपनी इंट्रानेजल कोविड 19 वैक्सीन इन्कोवैक (INCOVACC) को लांच करेगी. कंपनी के चेयरमैन कम मैनेजिंग डायरेक्टर कृष्णा एला ने इस घोषणा के साथ ही गायों एवं अन्य मवेशियों को चपेट में लेनेवाली जानलेवा लंपी वायरस जैसे त्वचा रोग के लिए स्वदेशी टीका लंपी-प्रोवैकइंड को भी लांच करने की बात बतायी. उन्होंने बताया कि इस दवा को अगले महीने तक लांच किया जा सकता है. (नीचे भी पढ़ें)

नेजल वैक्सीन को भारत बायोटेक ने वॉशिंगटन यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मेडिसिन के साथ मिलकर बनाया है. भारत बायोटेक ने ही कोरोना की पहली स्वदेशी वैक्सीन कोवैक्सीन भी तैयार की थी. नेजल वैक्सीन की निर्माता भारत बायोटेक ने नाक के जरिये दी जानेवाली इस वैक्सीन का नाम इन्कोवैक (iNCOVACC) रखा है. इससे पहले इस वैक्सीन का नाम बीबीवी154 (BBV154) रखा गया था. यह वैक्सीन नाक के जरिये शरीर में पहुंचायी जायेगी. कंपनी के अनुसार वैक्सीन शरीर में जाने के साथ ही कोरोना के संक्रमण एवं प्रसरण (इन्फेक्शन एंड ट्रांसमिशन) दोनों को ब्लॉक कर देगी. इस वैक्सीन को सुई के जरिये नहीं दिया जायेगा और न ही इसे ओरल दवा की तरह मरीज को पिलाया जाता है. इसे लोगों को नाक के जरिये दिया जा रहा है, इसीलिए इसे इंट्रानेजल वैक्सीन कहा जाता है. वास्तव में यह एक नेजल स्प्रे की तरह है. (नीचे भी पढ़ें)

जाने माने चिकित्सक डॉ भारत भूषण से यह पूछे जाने पर कि नेजल वैक्सीन काम कैसे करेगी, उन्होंने बताया कि कोरोनावायरस एवं ऐसे कई अन्य सूक्ष्म वायरस म्यूकोसा के जरिए शरीर में जाते हैं. नेजल वैक्सीन सीधे म्युकोसा में ही इम्यून बढ़ाती है, जिससे वायरस का शरीर के अंदर प्रवेश बाधित हो जाता है.डॉ भूषण के अनुसार, नेजल वैक्सीन लेनेवाले के शरीर में इम्यूनोग्लोबुलिन तैयार करती है. उधर संक्रमण को शुरुआती दौर में ही रोकना ठीक है. नेजल वैक्सीन इस काम को अधिक कारगर तरीके से कर सकती है. इस वैक्सीन की खासियत यह है कि यह वायरस के संक्रमण को रोकने के साथ ही उसे दूसरों तक संक्रमित होने की संभावना भी खत्म करती है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया कि देश में अब तक आठ वैक्सीनों को स्वीकृति मिल चुकी है, जो सभी सुई के जरिये शरीर में पहुंचाई जाती हैं. इनसे अलग इन्कोवैक इंट्रानेजल वैक्सीन है, जिसे नाक के जरिये दिया जाना है. उन्होंने बताया कि सुई के जरिये दी जानेवाली वैक्सीन को दो बार देने की जरूरत होती है, किन्तु इन्कोवैक को सिर्फ एक बार ही देने की जरूरत होगी. इस दवा की एक खुराक ही काफी सुरक्षित मानी जा रही है. उन्होंने बताया कि नेजल वैक्सीन 14 दिन में ही अपना असर दिखाने लगती है. उन्होंने बताया कि यह वैक्सीन कोरोना वायरस से सिर्फ बचायेगी ही नहीं, बल्कि बीमारी को फैलने से भी रोकेगी. इस दवा के सेवन से मरीज में बीमारी के हल्के लक्षण भी नहीं दिखेंगे. यही नहीं, इसे लेने के बाद वायरस अगर शरीर में प्रवेश कर जायें तो भी वह शरीर के अंगों को बहुत नुकसान नहीं पहुंचा पायेंगे. डॉ भारत भूषण ने बताया कि इस वैक्सीन के उपयोग के बाद अन्य वैक्सीनों के मुकाबले साइड इफेक्ट भी बहुत कम होंगे. (नीचे भी पढ़ें)
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, नयी नेजल वैक्सीन को अभी सिर्फ बूस्टर डोज के तौर पर दिया जाएगा. इसका अर्थ यह हुआ कि जिन लोगों को कोवैक्सीन या कोविशील्ड के दो डोज लग चुके हैं, उन्हें इसे बूस्टर डोज के रूप दिया जा सकेगा. वैसे जिन्होंने अब तक कोई वैक्सीन लिया ही नहीं है, उन्हें इसे प्राइमरी डोज को रूप में भी दिया जा सकेगा. उन्होंने बताया कि हर व्यक्ति को इस वैक्सीन की चार बूंदें दी जायंगी. यानी कि किसी व्यक्ति के दोनों नाकों में दो-दो बूंद वैक्सीन डाली जाएगी. सूत्रों के अनुसार कंपनी की ओर से सरकार को यह वैक्सीन 325 रुपये प्रति शॉट की दर से मुहैया करायी जायेगी, जबकि निजी टीकाकरण केंद्रों को इसे 800 रुपये प्रति शॉट की दर से मुहैया कराया जायेगा.











