नई दिल्ली : क्या ही अच्छा हो कि जिस कप में चाय या कॉफी पीयें, उसे बाद में खा भी जायें, जैसे आइसक्रीम खाने के बाद उसके कोन को खा जाते हैं. ऐसा हो जाय तो डिस्पोजेबल कपों के कारण बढ़ते प्रदूषण पर रोक लग जायेगी. अब तक तो ऐसा कोई कप नहीं बना है, लेकिन दिल्ली के कुछ विद्यार्थियों ने ऐसा ही कप तैयार किया हैं, जिसमें चाय पीने के बाद उसे फेंकना नहीं पड़ेगा, आप उसे मजे लेकर खा सकेंगे. दिल्ली के एल्कॉन इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों के एक समूह ने ‘बिस-कप’ नाम से यह कप तैयार किया है, जिसे उन्होंने बिस्कुट से तैयार किया है. स्कूल की इस टीम में शामिल छात्रा आशी शारदा ने बताया कि उनके ग्रुप ने प्लास्टिक के कपों का प्रयोग कम करने के उद्देश्य से यह कप तैयार किया है. आशी का कहना था कि प्लास्टिक के कप पर्यावरण के लिए खतरा पैदा करते हैं. वहीं पेपर कपों के प्रयोग से भी पर्यावरण को नुकसान ही होगा, क्योंकि इनके निर्माण के लिए भी बहुत सारे पेड़ काटे जाते हैं, जिसका पर्यावरण पर बुरा असर होता है. ऐसे में प्रयोगकर्ता बिस्कुट से बने इन कपों का स्वाद भी ले सकेंगे एवं उनके प्रयोग से पर्यावरण पर कोई बुरा प्रभाव नहीं पड़ेगा. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि दिल्ली सरकार की बिजनेस ब्लास्टर योजना के तहत प्रदेश के स्कूली विद्यार्थी इन दिनों कई ऐसी परियोजनाओं पर काम कर रहे हैं, जिनमें इको फ्रेंडली बिजनेस सेटअप पर काम हो रहा है. इनमें अर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से मिट्टी के घर बनाने से लेकर अकेले रहनेवाले लोगों को घर का खाना मुहैया कराने समेत ऐसी कई परियोजनाएं शामिल हैं, जिन पर ये विद्यार्थी काम कर रहे हैं. दिल्ली सरकार ने बिजनेस आइडिया के क्षेत्र में विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रदेश के 22 स्कूलों का चयन किया है. यही नहीं, इन स्कूली विद्यार्थियों को प्रति छात्र दो हजार रुपये की सीड मनी भी मुहैया कराई जा रही है.












