जमशेदपुर : जमशेदपुर के जोजोबेड़ा स्थित नुवोको विस्तास कोर्प लिमिटेड सीमेंट प्लांट के कर्मचारियों का वार्षिक बोनस समझौता (वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए) यूनियन और प्रबंधन के बीच संपन्न हुआ. समझौते के तहत इस वर्ष कर्मचारियों को 20 फीसदी बोनस का भुगतान किया जाएगा. फॉर्मूला के मुताबिक कुल 19.48 फीसदी बोनस बन रहा था. यूनियन के अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने कर्मचारियों के अथक प्रयास और विशेष करके सुरक्षा के प्रति उनके योगदान को देखते हुए बोनस को 20 फीसदी करने का आग्रह किया. इसे सीएमओ राजू रामचंद्रन ने स्वीकार करते हुए कर्मचारियों को 20 फीसदी बोनस देने का निर्णय लिया. (नीचे भी पढ़ें)

ज्ञात हो नुवोको में फॉर्मूला के तहत 7 फीसदी सुरक्षा, 7 फीसदी उत्पादन और 6 फीसदी मुनाफा के आधार पर बोनस का भुगतान होता है. इसके तहत सुरक्षा में कुल 7 फीसदी, उत्पादन पर 6.79 फीसदी एवं मुनाफा पर 5.69 फीसदी कुल 19.48 फीसदी बोनस बनता था. अंततः यूनियन अध्यक्ष के आग्रह पर प्रबंधन ने 20 फीसदी बोनस देने पर अपनी सहमति प्रकट की और इस वर्ष कर्मचारियों को 20 फीसदी बोनस का भुगतान किया जाएगा. बोनस के अंतर्गत कर्मचारियों को मिलने वाली न्यूनतम राशि 1,00,760 रुपए एवं अधिकतम राशि 2,68,223 रुपए जबकि औसत बोनस 1,97,877 रुपए मिलेंगे. इस अवसर पर यूनियन के अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने कहा कि नुवोको देश की अकेली ऐसी सीमेंट निर्माता कंपनी है, जो अपने कर्मचारियों को बोनस के रूप में इतना राशि देती है और हम सब को इस बात का गर्व है कि हम वैसे उद्योग से जुड़े हुए हैं, जो अपने कर्मचारियों का इस तरह से ध्यान रखती है और देश के सीमेंट उद्योग में एक उदाहरण बनने का हमेशा काम करती है. (नीचे भी पढ़ें)
बोनस की राशि सितंबर माह के वेतन के साथ कर्मचारियों को भेज दी जाएगी. बोनस समझौते पर प्रबंधन की ओर से की चीफ मैन्युफैक्चरिंग ऑफिसर राजू रामचंद्रन, प्लांट हेड हरीकिशोर गारिकापति, महाप्रबंधक (एचआर) राजीव मिश्रा एवं फाइनेंस हेड संजीव दत्ता ने हस्ताक्षर किए जबकि यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, महासचिव विजय खान, उपाध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव सहित कोषाध्यक्ष संजीव सिंह, विजय देव, एनबी थापा, केके हांसदा एवं रणवीर कर्मकार ने हस्ताक्षर किए. इस अवसर पर सीएमओ राजू रामचंद्रन ने कहा कि हम सबों को शून्य दुर्घटना का लक्ष्य निर्धारित करते हुए आगे भी इसी तरीके से कंपनी को आगे बढ़ाने में अपना योगदान सुनिश्चित करना चाहिए. इस बेहतर बोनस समझौते के लिए सभी कर्मचारियों को बधाई देते हुए बोनस की राशि को भविष्य के लिए सुरक्षित रखने की सलाह दी.




