संगरूर: पंजाब के जिला संगरूर के गांव खनाल खुर्द निवासी ओलंपियन मुक्केबाज कौर सिंह (76) का निधन हो गया. उन्होंने हरियाणा के कुरूक्षेत्र के अस्पताल में अंतिम सांस ली. पद्मश्री, अर्जुन अवॉर्ड, एशियन गोल्ड मेडलिस्ट कौर सिंह के निधन पर सीएम पंजाब भगवंत मान ने ट्वीट कर दुख प्रकट किया. कौर सिंह का अंतिम संस्कार गुरुवार को उनके पैतृक गांव खनाल खुर्द में किया गया.वे डायबिटीज से पीड़ित थे. दो दिन पूर्व उन्हें इलाज के लिए पटियाला और बाद में कुरूक्षेत्र के अस्पताल में भर्ती कराया गया था.(नीचे भी पढे)
कौन थे कौर सिंह: कौर सिंह साल 1970 में भारतीय फौज में भर्ती हुए. उनकी प्रतिभा को देख कर्नल बलजीत सिंह जौहल ने उन्हें पुणे इंस्टीट्यूट में ट्रेनिंग कैंप में शामिल होने को प्रेरित किया. इसके बाद कौर सिंह ने यहां से मुक्केबाजी की ट्रेनिंग लेते हुए दोबारा पीछे मुड़कर नहीं देखा. सूबेदार कौर सिंह ने कॉमनवेल्थ खेलों और किंग कप में गोल्ड मेडल हासिल किए. वे मुंबई में 9वीं एशियन चैम्पियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने वाले पहले इकलौते मुक्केबाज बने. उन्होंने विश्व के नंबर-1 बॉक्सर मोहम्मद अली से भी दो-दो हाथ किए. कौर सिंह को साल 1982 में अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया. 1983 में पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया.












