
रामगोपाल जेना
चक्रधरपुर : मजदूरों को लेकर केरल के एर्नाकुलम से जसीडीह जा रही ट्रेन गुरुवार को चक्रधरपुर स्टेशन पर रुकी. ट्रेन में सवार मजदूरों ने बताया कि रेलवे और सरकार के दावों के विपरीत इस संकट की घड़ी में भी उन्हें मदद देने के बजाय किराया वसूला गया है. मजदूरों ने बताया कि उन्हें भोजन के नाम पर ट्रेन में प्रतिदिन केवल एक पैकेट बिस्कुट दिया जा रहा है. वहीं, एर्नाकुलम स्टेशन के बाहर शिविर में उनसे प्रति मजदूर ट्रेन की यात्रा टिकट के लिए रेलवे ने 875 रुपये वसूला है. मजदूरों ने अपना यात्रा टिकट भी दिखाया. चक्रधरपुर स्टेशन पर मारवाड़ी युवा मंच द्वारा सभी मजदूरों को भोजन का पैकट दिया गया. बता दें कि मजदूरों को लाने वाली ट्रेनों में किराये को लेकर पॉलिटिक्स जारी है. भाड़े को लेकर कांग्रेस ने रेलवे पर आरोप लगाते हुए मजदूरों के टिकट का पैसा पार्टी द्वारा देने की बात कही, तो रेलवे ने पलटवार करते हुए कहा था कि भाड़े के रूप में केवल 15% राशि ही ली जा रही है. शेष 85 फीसदी खर्च रेलवे वहन कर रहा है. लेकिन मजदूर रेलवे के दावों की पोल खोल रहे हैं.

मजदूरों ने कहा बचे-खुचे पैसे लेकर जबरन बनाया गया टिकट
देश के विभिन्न राज्यो से प्रवासी मजदूरों के झारखंड लौटने का सिलसिला जारी है. इसी कड़ी के तहत दो विशेष ट्रेन श्रमिकों को लेकर चक्रधरपुर स्टेशन पहुंची. एक एर्नाकुलम से जसीडीह और दूसरी एलपीटी से भागलपुर जा रही है. स्थानीय प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा. प्रवासी मजदूरों को लेकर दो विशेष ट्रेन चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पहुंची. एर्नाकुलम से जसीडीह जा रही ट्रेन में कई मजदूरों ने कहा कि उन्हें जबरन पैसा लेकर टिकट बना दिया गया. धर्मेंद्र कुमार जो धनबाद जा रहे हैं उन्होंने बताया कि उनकी जेब में जो पैसा था उस पैसे से टिकट जबरन बना दिया गया. इसी तरह दामोदर विश्वकर्मा ने भी कहा कि उनसे भी पैसा लेकर उनका टिकट बनाया गया. युगल किशोर ने बताया कि उनके साथ भी वही हाल हुआ.
मारवाड़ी युवा मंच की टीम स्टेशन में रही सक्रिय
दोनों ट्रेनों के आगमन को लेकर मारवाड़ी युवा मंच चक्रधरपुर शाखा की टीम स्टेशन में सक्रिय रही. इस दौरान पूरी टीम ने लगातार सभी कोच में दौड़-दौड़ कर भोजन पैकेट से बंधा कार्टून पहुंचाया. कहीं-कहीं तो श्रमिकों ने भी अपने उतर कर कार्टून ट्रेन मे चढाया. इस दौरान राजेश काबरा, अवध खिरवाल, मनोज खिरवाल, मनीष भगेरिया, प्रमोद भगेरिया, सिंटू अग्रवाल, अभिषेक केजरीवाल, नरेश केडिया, उत्तम समेत मंच की पूरी टीम उपस्थित थी.







