जमशेदपुर : टेल्को कॉलोनी के रोड नंबर-8 स्थित टेल्को आम बगान में स्थानीय निवासियों द्वारा रतन टाटा का 85वां जन्मदिन मनाया गया। इस दौरान मुख्य रूप से टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष गुरमीत सिंह, महामंत्री आरके सिंह और समस्त आफिस बेयरर, कमेटी मेम्बर उपस्थित थे। समारोह में बड़े बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल हुए। अध्यक्ष, महामंत्री समेत सभी बच्चों ने केक काट कर जमनोत्सव मनाया। महामंत्री श्री सिंह ने कहा कि रतन टाटा का जमशेदपुर से विशेष लगाव रहा है। क्योंकि उन्होंने अपनी शुरुआत टाटा स्टील से ही की थी। 2007 में एफ-16 विमान उड़ाने वाले पहले भारतीय बने। उनकी सादगी राष्ट्र का गौरव है और हम सभी को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। (नीचे भी पढ़ें)
अध्यक्ष गुरमीत सिंह ने कहा कि रतन टाटा का हृदय बहुत बड़ा है। इसलिए वो अपनी आय का ज्यादातर हिस्सा चैरिटी में दान कर देते हैं। उन्होंने सभी को बताया कि मानवता और परोपकार के बिना व्यवसाय नहीं किया जा सकता। पूरा विश्व जब कोविड महामारी से जूझ रहा था तब भी श्री टाटा ने मानवता का उदाहरण देते हुए सभी देशवासियों के लिए आगे आ कर मदद की। इस आयोजन में संजय सिंह हितैषी, सुबोध कुमार, भीम भारती, बिनोद सिंह, मनोज कुमार सिंह, पवन कुमार सिंह, बिनय झा, सुभाष राय, सुमन, सुमित, मुकुल समेत अन्य लोगों की सराहनीय भूमिका रही।





