
जमशेदपुर : देश के केंद्रीय इस्पात मंत्री आरसीपी सिंह ने स्टील ऑथोरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) और आरआइएनएल के गैर एनजेसीएस यूनियन फोरम के साथ बैठक की. नयी दिल्ली में आयोजित इस बैठक में तृणमूल ट्रेड यूनियन की अध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य डोला सेन के नेतृत्व में यूनियनों ने बैठक की. इस दौरान सेल के इकाइयों के निजीकरण का विरोध किया. स्टील प्लांट और एलॉय को बचाने की भी मांग की गयी. बैठक में मुख्य रुप से सेल के वेतन समझौता पर चर्चा की गयी, जिसमें एनजेसीएस के फोरम संरचना में बदलाव पर चर्चा की गयी. इन लोगों ने यह मांग की कि जिसकी जितनी सदस्यता है, उतनी ही हिस्सेदारी दी जानी चाहिए. सेल के वेतन समझौता बेहतर नहीं होने की शिकायत की गयी और कहा गया कि ऑफिसरों को ज्यादा लाभ मिला जबकि कर्मचारियों को काफी नुकसान हुआ. केंद्र सरकार द्वारा ग्रेच्यूटी पर जो सीलिंग की गयी है, उस पर कड़ी आपत्ति दर्ज करायी गयी. 39 माह के बकाया एरियर का भुगतान नहीं करने को लेकर भी शिकायत की गयी और तत्काल व्यवस्था करने पर बल दिया. कर्मचारियों को एरियर में पर्क्स का एरियर भी देने की मांग उठायी गयी. इस दौरान केंद्र सरकार ने कहा कि हम लोग जल्द ही मजदूरों के मामले पर फैसला करेंगे. केंद्रीय मंत्री ने आश्वासन दिया कि निजीकरण की सूची से अलॉय स्टील प्लांट को बाहर कर दिया जायगेा. दुर्गापुर स्टील प्लांट में इसको समायोजित कर दिया जायेगा. इस तरह दुर्गापुर स्टील प्लांट का दायरा बढ़ाकर उसका विस्तरा कर दिया जायेगा. (नीचे देखे पूरी खबर)

बोकारो स्टील प्लांट को लेकर केंद्रीय इस्पात मंत्री से मिले आजसू सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी
बोकारो स्टील प्लांट को बचाने को लेकर केंद्रीय इस्पात मंत्री आरसीपी सिंह से आजसू के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने मुलाकात की. इस दौरान काफी देर तक मुलाकात हुई. बताया जाता है कि इस दौरान बोकारो और रामगढ़ एरिया के डेवपलपमेंट पर भी उनसे बातचीत की गयी.






