
जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे कपाली ओपी अंतर्गत कपाली टीओपी के पास मेडिकल दुकान के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग करने के मामले में पुलिस जल्ला फिरोज की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. जल्ला फिरोज ने ही मेडिकल दुकान के बाहर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था. अनुसंधान के क्रम में यह बात सामने आई है कि घटना से एक घंटा पहले जल्ला फिरोज मेडिकल में नशीली दवा खरीदने गया था. दुकानदार द्वारा दवा देने से मना करने पर उनके बीच विवाद भी हुआ था, जिसके बाद वह जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया. थोड़ी देर बाद ही उसने दुकान के बाहर फायरिंग कर दी. इधर घटना में घायल रेहान और आरिफ की स्थिति भी खतरे से बाहर बतायी जा रही है. बता दें कि पिछले बुधवार की शाम बाइक सवार दो अपराधियों ने कपाली टीओपी के पास मेडिकल दुकान के बाहर फायरिंग की थी. इस घटना में मो रेहान के कूल्हे पर गोली लगी थी, जबकि मो आरिफ के पैर को गोली छूकर निकल गई थी. घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए टीएमएच ले जाया गया था.





