सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित बोलाइडीह शीतला मंदिर के समीप शनिवार दोपहर हुई 27 वर्षीय जगन्नाथ गोप उर्फ काड़ा की हुई नृशंस हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों, प्रेम नायक, शिवम प्रामाणिक, संजय नायक और गणेश नायक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर एसडीपीओ शुभम भारद्वाज के नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल ने तकनीकी साक्ष्यों और त्वरित अनुसंधान के आधार पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे का रॉड भी बरामद कर लिया है. (नीचे भी पढ़ें)
एसपी मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण पुरानी रंजिश सामने आया है. उन्होंने कहा कि गिरफ्तार चारों आरोपियों के खिलाफ पहले से कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है, जबकि मृतक जगन्नाथ गोप का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गहन जांच कर रही है और अनुसंधान जारी है. (नीचे भी पढ़ें)
गौरतलब है कि शनिवार दोपहर बोलायडीह शीतला मंदिर के पास जगन्नाथ गोप पर लोहे के रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई थी, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी. घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. इस कार्रवाई में सब-इंस्पेक्टर राजेंद्र प्रसाद, हीरालाल कुमार, विश्वजीत कुमार तिवारी, विक्रमादित्य पांडेय, हवलदार अजय सिंह तथा आरक्षी राघवेंद्र कुमार, दीपक कुमार और संजय कुमार राय की सराहनीय भूमिका रही.







