सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिला के आमदा ओपी अंतर्गत चाईबासा-खरसावां मुख्य मार्ग पर आमदा पॉलिटेकनीक कॉलेज के समीप रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. वहां एक विशाल सूखे पेड़ की डाली एक कार पर गिर गई, जिससे वाहन का आगे का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया. वहीं कार में बैठा एक दस वर्षीय बच्चा मामूली रूप से घायल हुआ है. (नीचे भी पढ़ें)
मिली जानकारी के अनुसार झींकपानी से आदिवासी समाज के कुछ लोग वाहन पर सवार होकर खरसावां के बड़साई की ओर आ रहे थे. इसी बीच पॉलिटेकनीक कॉलेज के समीप एक विशाल सूखे पेड़ की डाली अचानक सड़क पर आ गिरी. उसकी चपेट में आने से कार का आगे हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. वहीं कार में बैठा एक 10 वर्षीय बच्चा रंजीत हेस्सा घायल हो गया. गनीमत रही कि पेड़ की डाली कार के ऊपर नहीं गिरी, नहीं तो बड़ी दुर्घटना घट सकती थी. वहीं रास्ते से गुजर रहे विधायक प्रतिनिधि अनूप सिंहदेव व मांगीलाल महतो की नजर घटनास्थल पर पड़ी. उसके बाद इसकी सूचना प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रधान माझी को दी. सूचना मिलते ही आमदा ओपी पुलिस घटना स्थल पहुंची और घटना की जानकारी ली.



