सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के सरायकेला थाना क्षेत्र के गोपीडीह में बुधवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक ने दो मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे यह भयावह दुर्घटना हुई. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के बाद ट्रक महिला को करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे उसका शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई. हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. (नीचे देखे पूरी खबर)

घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा. वहीं, हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव उठाने का विरोध करते हुए सड़क जाम कर दिया. ग्रामीणों ने दोषी चालक की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की. सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित रहा. (नीचे देखे पूरी खबर)

पुलिस ने बताया कि फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. अन्य साक्ष्यों के आधार पर भी जांच जारी है. क्षेत्र में स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है.







