जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में बुधवार शाम छिनतई की एक सनसनीखेज घटना सामने आई. शंकरपुर स्थित विद्यासागर पाली मेन रोड पर एक महिला से पर्स छीनकर भाग रहे युवक को स्थानीय लोगों ने पीछा कर पकड़ लिया. इसके बाद आक्रोशित लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई. (नीचे देखे पूरी खबर)

पीड़िता सुनीता वर्मा, जो शंकरपुर गोबरा टोला की निवासी हैं, ने बताया कि वह अपने घर से विद्यासागर पाली की ओर जा रही थीं. इसी दौरान पीछे से आए एक युवक ने उनका पर्स छीन लिया और फरार हो गया. महिला ने आरोपी की पहचान शंकरपुर निवासी सूरज श्रीवास्तव उर्फ मार्कण्डेय के रूप में की है. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग सक्रिय हो गए और गांधी मैदान के पास आरोपी को पकड़ लिया. लोगों का आरोप है कि तलाशी के दौरान महिला का मोबाइल फोन भी आरोपी के पास से बरामद हुआ. इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने उसकी पिटाई कर दी. सुनीता वर्मा के अनुसार आरोपी ने सिर पर टोपी पहन रखी थी और चेहरा आंशिक रूप से ढका हुआ था. (नीचे देखे पूरी खबर)

सुनसान जगह मिलते ही उसने झपट्टा मारकर उनका बैग छीन लिया. बैग में एक रियलमी मोबाइल फोन, दो हजार रुपये नकद और घर की चाबी रखी हुई थी. इस बीच झामुमो के मध्य सरजमदा पंचायत अध्यक्ष विमल पाल ने आरोप लगाया कि आरोपी पहले भी कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है. उन्होंने दावा किया कि उनकी गाड़ी जलाने के मामले में भी आरोपी के खिलाफ परसुडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी. साथ ही उन्होंने आरोपी के नशे का आदी होने और चोरी की घटनाओं में पहले भी नाम आने का आरोप लगाया. फिलहाल परसुडीह थाना पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की पुष्टि और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.






