सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के सरायकेला थाना क्षेत्र के तितिरबिला के समीप गुरुवार सुबह ट्रक और ट्रेलर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में ट्रक चालक सिंटू कुमार (22) गंभीर रूप से घायल हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह के समय इलाके में घना कुहासा छाया हुआ था, जिसके कारण दृश्यता बेहद कम थी. इसी दौरान दुर्गापुर से चाईबासा स्थित रुंगटा कंपनी की ओर जा रहा ट्रक तितिरबिला के पास सामने से आ रहे ट्रेलर से सीधे टकरा गया. दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल चालक को बाहर निकालकर वाहन से अलग किया. उन्होंने तत्काल एम्बुलेंस की व्यवस्था कर उसे सदर अस्पताल, सरायकेला भेजा. अस्पताल में प्राथमिक चिकित्सकीय उपचार के बाद डॉक्टरों ने बताया कि सिंटू कुमार का एक पैर टूट गया है तथा उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है. उसे बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की जानकारी मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर फैले वाहनों को हटवाने के साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था बहाल कराई. पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में दुर्घटना का कारण घना कोहरा और लापरवाही से वाहन चलाना बताया जा रहा है. पुलिस ने कहा कि आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी.















