
सरायकेला : झारखंड विधानसभा में चुनावी हार के बाद भारतीय जनता पार्टी खुद को फिर से संगठित करने की कवायद में जुटी हुई है. पिछले दिनों प्रदेश अध्यक्ष के कोल्हान दौरे के बाद लगातार भाजपा जिला से लेकर प्रखंड और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर नई कमेटी में नए लोगों को आगे ला रही है. इसके साथ ही सभी प्रखंडों में प्रखंड स्तरीय, बूथ स्तरीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं. जिसमें बड़े नेता पार्टी की विचारधारा आम कार्यकर्ताओं तक पहुंचा रहे हैं. इधर सरायकेला-खरसावां जिला के गम्हरिया रक्षा कर्नल गेस्ट हाउस में भी चार दिवसीय प्रशिक्षण शिविर चल रहा है. जिसमें शुक्रवार को जिला प्रभारी जेबी तुबिद ने शिरकत की. इस दौरान श्री तुबिद ने बताया कि समय परिवर्तनशील है. दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी होने के कारण भाजपा अपने कार्यकर्ताओं के बल केंद्र पर सत्ता के शीर्ष पर बनी हुई है. उन्होंने राज्य में भी आने वाले दिनों में पार्टी को मजबूती से उभरने का भरोसा जताया.




