गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड स्थित आमडीह फाटक के समीप शुक्रवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक बुजुर्ग का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शव झुरकुली फाटक और आमडीह फाटक के बीच रेलवे के पोल संख्या 263/डी12 के पास पड़ा मिला. मृतक की पहचान जयराम मांझी के रूप में हुई है. झामुमो के गम्हरिया प्रखंड अध्यक्ष भोमरा मांझी ने शव की पहचान अपने गांव के निवासी के रूप में की. उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और रेलवे पुलिस व गम्हरिया थाना को सूचना दी. (नीचे भी पढ़ें)

बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब 7:05 बजे साउथ बिहार एक्सप्रेस के गुजरने के दौरान हादसा हुआ. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आशंका है कि जयराम मांझी शौच के लिए रेलवे ट्रैक की ओर गए थे और इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आ गए. सूचना मिलने के बाद गम्हरिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी.




