चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत जायदा पुल के समीप छठ घाट नदी में रविवार शाम नहाने के दौरान लापता हुए ट्रेलर चालक का शव सोमवार सुबह बरामद कर लिया गया. रांची से पहुंची राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम ने सुबह करीब 9:30 बजे सर्च ऑपरेशन शुरू किया और लगभग एक घंटे के भीतर शव को नदी से बाहर निकाल लिया. तेज बहाव के कारण शव घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर जायदा मंदिर के सामने मिला. मृतक की पहचान दिल्ली निवासी करीब 35 वर्षीय शोहरुख खान के रूप में हुई है. वह ट्रेलर चालक था और अपने साथियों के साथ दिल्ली से जमशेदपुर जा रहा था. जायदा पुल के पास एक होटल के सामने ट्रेलर खड़ा करने के बाद सभी नदी में नहाने उतरे थे. (नीचे भी पढ़ें)
इसी दौरान शोहरुख गहरे पानी में चला गया और तेज धार की चपेट में आकर बह गया. घटना की सूचना मिलने पर चौका और चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तलाश शुरू की, लेकिन तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिली. लगातार बारिश के चलते चांडिल डैम के सात फाटक खोले जाने से नदी का जलस्तर और बहाव बढ़ गया था. शव बरामद होने की सूचना पर मृतक के दो रिश्तेदार मौके पर पहुंचे. वहीं, दिल्ली में रह रहे परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई. हादसे से परिवार में मातम है. स्थानीय लोगों के अनुसार, 9 जून को भी इसी स्थान से सोनारी निवासी प्रेम कुमार का शव बरामद हुआ था. लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए लोगों ने नदी में नहाने के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है.





