चाकुलिया : चाकुलिया वन क्षेत्र के कालियाम गांव में सोमवार को हाथी के चपेट में आकर अनील महतो 59 की मौत हो गई है. मिली जानकारी के अनुसार अनील महतो अपने पोते के साथ सुबह में अपने घर के पीछे बाड़ी में घुमने गये थे तभी बाड़ी में मौजूद एक हाथी ने उनपर हमला कर दिया. हाथी के हमले से अनील महतो गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं बच्चा हाथी के चपेट में आने से बाल-बाल बच गया. परिजनों ने अनील महतो को इलाज के लिए निजी वाहन से चाकुलिया सीएचसी पहुंचाया. घटना की सूचना पाकर मुखिया दासो हेम्ब्रम और प्रभारी फॉरेस्टर कल्याण महतो सीएचसी पहुंचकर घटना की जानकारी ली और घायल अनील महतो को उपचार कराने के लिए तत्काल वन विभाग द्वारा 5 हजार रूपए उपलब्ध कराया. चिकित्सकों ने अनील महतो को बेहतर इलाज के लिए उसे झाड़ग्राम रेफर कर दिया. परिजनों ने निजी वाहन से अनील महतो को झाड़ग्राम लेकर जा रहें थे तभी रास्ते में ही अनील महतो की मौत हो गई. (नीचे भी पढ़ें)

हाथियों का झुंड विगत तीन चार दिनों से कर रहा है क्षेत्र में विचरण : पंचायत के मुखिया दासो हेम्ब्रम ने बताया कि 15-20 हाथियों का झुंड विगत तीन चार दिनों से पंचायत क्षेत्र के कालियाम, गोदराशोल, हाथिभारी और जामबनी गांव में विचरण कर रहा है. हाथियों के झुंड ने खेत में लगें धान के बीचड़े को पेरों तले रोंदकर बर्बाद कर रहे हैं इससे क्षेत्र के कई किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया है. हाथियों ने कालियाम गांव निवासी बिकास महतो के दुकान के दिवाल को क्षतिग्रस्त कर दिया है और शिशिर नायक के टोली को क्षतिग्रस्त कर दिया है. (नीचे भी पढ़ें)
विभाग द्वारा ग्रामीणों के बीच नहीं किया गया है सामग्री का वितरण: मुखिया दासो हेम्ब्रम ने बताया कि पंचायत क्षेत्र हाथियों का बसेरा बना हुआ है. उन्होंने कहा कि हाथियों का दल लगातार क्षेत्र में विचरण कर रहा है और जंगल में शरण लिए हुए है. उन्होंने बताया कि शाम ढलते ही हाथियों का झुंड भोजन और पानी की तलाश में जंगल से निकलकर गांव की और रूख करते हैं जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है. उन्होंने कहा कि वे विभाग के पदाधिकारी से संपर्क कर कई बार हाथि प्रभावित गांव के ग्रामीणों के बीच मशाल, पटाखे समेत अन्य सामग्री के वितरण कराने की मांग की है परंतु अबतक विभाग द्वारा गांव के ग्रामीणों के बीच सामग्रीयों का वितरण नहीं किया गया है जिससे लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है.




