सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र के पास एनएच-33 पर रडगांव के समीप बुधवार तड़के सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. पटना से टाटा की ओर आ रही दिव्य रथ बस रडगांव को पार करने के ठीक बाद पीछे से एक लोडेड ट्रक से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से उतरते हुए पास के खेत में जा घुसा. हादसे के समय सुबह करीब पांच बजे बस में सवार अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे. यात्रियों के अनुसार, अचानक तेज धमाके और जोरदार झटके से उनकी नींद खुली और बस के अंदर अफरा-तफरी मच गयी. कुछ देर तक किसी को यह समझ नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है. स्थिति बिगड़ती देख यात्रियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस के पीछे बने इमरजेंसी गेट को खोला और उसी रास्ते से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई. (नीचे भी पढ़ें)
गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई, हालांकि कुछ यात्रियों को हल्की चोटें लगी हैं. यात्रियों ने बताया कि यदि समय पर इमरजेंसी दरवाजा नहीं खोला जाता तो हादसा और भी भयावह रूप ले सकता था. हादसे के बाद बस चालक और खलासी मौके से फरार हो गए, जिससे यात्रियों में नाराजगी देखी गयी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त बस व ट्रक को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक व खलासी की तलाश की जा रही है.







